नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को शहर की महिलाओं को 1000 रुपये की मासिक सहायता प्रदान करने वाली ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ को अगले 10 से 15 दिनों में शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार पंजीकरण प्रक्रिया पर काम कर रही है इसलिए इसे 10 से 15 दिनों में शुरू किया जाएगा। आतिशी ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के अंत से पहले 31 मार्च 2025 तक महिलाओं को इस योजना के तहत एक या दो किस्तें मिलेंगी।
केजरीवाल ने राशि बढ़ाकर 2100 करने का किया वादा
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को योजना शुरू करने की घोषणा की थी और वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में लौटती है तो राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी।
‘हमने अपना वादा पूरा किया’
वहीं आतिशी ने कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने के सरकार के वादे को पूरा करती है। उन्होंने कहा, ‘हमने महिलाओं को 1,000 रुपये की सहायता देने का अपना वादा पूरा किया है। विपक्ष द्वारा इस पहल को बाधित करने के सभी प्रयासों के बावजूद हमने इसे सफलतापूर्वक लागू किया है।’ आतिशी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें छोटी-छोटी व्यक्तिगत जरूरतों के लिए परिवार के सदस्यों पर निर्भर ना रहना पड़े।
किसे मिलेगा योजना का फायदा?
इस योजना की पात्रता के बारे में बताते हुए, आतिशी ने कहा कि स्थायी सरकारी कर्मचारी, पिछले वित्तीय वर्ष में इनकम टैक्स देने वाली महिलाएं और पहले से ही किसी भी प्रकार की पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी। उन्होंने कहा विपक्ष द्वारा इस पहल को रोकने के तमाम प्रयासों के बावजूद, हमने इसे सफलतापूर्वक शुरू करने को सुनिश्चित किया है। यह योजना महिलाओं को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परिवार पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी।
