नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के नतीजे देश के सामने आ गए हैं। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का शानदार प्रदर्शन रहा है। हालांकि बीजेपी की सीटों में काफी गिरावट देखने को मिली है। लेकिन बीजेपी-एनडीए ही सरकार बनाने की स्थिति में हैं। इस बीच विपक्षी दलों का गुस्सा एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल एग्जिट पोल के नतीजों ने बीजेपी को 350 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया था। आज एक लाइव टीवी डिबेट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एग्जिट पोल का गुस्सा एक्सिस माय इंडिया के चेयरमैन और एमडी प्रदीप गुप्ता के ऊपर निकाल दिया।
खेड़ा बोलते-बोलते गुप्ता के साथ बदतमीजी पर उतर आए। खेड़ा ने पहले प्रदीप गुप्ता से कहा कि आपके एग्जिट पोल फेल हो गए हैं, आप रो रहे थे चैनल में, ये देखकर बुरा लगा। इसके बाद खेड़ा अचानक प्रदीप गुप्ता पर भड़क गए और कहने लगे की ‘आपने मुंह पर मुस्कान रखकर लोकतंत्र की हत्या की है। आपने अपराध नहीं किया आपने पाप किया है।’ एंकर ने खेड़ा के सवालों का जवाब जब प्रदीप गुप्ता को देने को कहा तो खेड़ा गुस्से से उबल पड़े और कहने लगे, ‘पापी से मेरी बात मत कराओ, इस व्यक्ति से मुझे दूर रखिए, इस व्यक्ति ने कॉर्पोरेट के साथ मिलकर खेल किया है। इसकी वजह से कई लोगों के पैसे शेयर मार्केट में डूब गए।’ उधर प्रदीप गुप्ता चेहरे पर मुस्कान रखे सबकुछ सुनते रहे।
क्या है मामला?
एक्सिस माय इंडिया ने अपने सर्वे में देश की 543 लोकसभा सीटों को लेकर जो अनुमान लगाया था, उसके मुताबिक इस बार एनडीए को 361 से 401 सीटें मिल सकती है। जबकि, इंडिया गठबंधन के पक्ष में 131 से 166 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। इस सर्वे में बताया गया है कि अन्य को 8 से 20 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल को कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने खारिज कर दिया था
