मुंबई:
आईपीएल 2024 का 20वां मैच मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच 7 अप्रैल को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। यह एक हाई स्कोरिंग मैच रहा जिसमें मुंबई की जीत हुई। आखिरकार मुंबई ने इस सीजन अपनी पहली जीत का स्वाद चख लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
ऐसे में एमआई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 234 रन ठोक डाले। दिल्ली इस पहाड़ जैसे टारगेट का पीछा करते हुए 8 विकेट पर 205 रन ही बना पाई और 29 रन से मैच हार गई। भले ही दिल्ली कैपिटल्स यह मैच हार गई हो। लेकिन उनके साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स ने सबका दिल जीत लिया। वह आखिरी ओवर तक अकेले ही लड़ते रहे। स्टब्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। हालांकि उन्हें किसी का साथ नहीं मिला।
स्टब्स ने सिर्फ चौकों-छक्कों से पूरी की अपनी फिफ्टी
साउथ अफ्रीका के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स इस आईपीएल में गजब की फॉर्म में नजर आ रहे हैं। स्टब्स ने आते ही चौकों-छक्कों की बारिश कर दी थी। स्टब्स ने सिर्फ 19 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। हालांकि स्टब्स ने वैसे 284 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 7 छक्के और 3 चौके जड़े, जिसके चलते उन्होंने 75 रन बनाए। वह अंत तक अकेले लड़ते रहे। उन्हें मिडिल ओवर और अंत के ओवर्स में किसी का साथ नहीं मिला। अगर स्टब्स को किसी का साथ मिलता तो शायद दिल्ली कैपिटल्स यह पहाड़ जैसा टारगेट चेज कर सकती थी।
स्टब्स पहले मुंबई इंडियंस का ही थे हिस्सा
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स से पहले ट्रिस्टन स्टब्स 5 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस का ही हिस्सा थे। लेकिन उन्हें खेलने का इतना मौका नहीं मिल रहा था। स्टब्स ने एमआई के लिए खेले गए 4 मैचों में सिर्फ 27 रन बनाए। वहीं आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन में दिल्ली ने ट्रिस्टन स्टब्स को महज 50 लाख रुपये में खरीद लिया। वह इस सीजन अब टीम के लिए बल्ले से आग उगल रहे हैं। स्टब्स ने इस सीजन डीसी के लिए अब तक 5 मैचों में 160 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 174 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से इस आईपीएल में अब तक 2 अर्धशतक भी देखने को मिले हैं।
