न्यूयॉर्क
भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 अभियान का शानदार आगाज किया है। कप्तान रोहित शर्मा के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसले को गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित कर दिया। अर्शदीप सिंह ने तीसरे ही ओवर में दो विकेट लेकर आयरलैंड की शुरुआत खराब कर दी। इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया। अर्शदीप सिंह ने एकबार फिर साबित किया कि नई गेंद से वह कितने इफेक्टिव हैं।
पहली गेंद पर पहला विकेट
दो ओवर की समाप्ति के बाद आयरलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रन था। अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर की पहली बॉल गुड लेंथ पर फेंकी। तेज गति की इनस्विंग पर आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने लेग साइड की ओर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया। अपने बल्ले के मुंह को जल्दी बंद कर बैठे, ऐसे में गेंद टप्पा खाकर बल्ले का टॉप एज लेती हुई थर्ड मैन की तरफ हवा में गई जहां से विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उल्टा भागकर एक शानदार कैच पकड़ा। स्टर्लिंग सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। अर्शदीप सिंह के हाथ पहली सफलता लगी।
आखिरी गेंद पर दूसरा विकेट
विकेट से ओवर की शुरुआत करने वाले अर्शदीप ने ओवर का अंत भी विकेट से ही किया। कप्तान के बाद अगला नंबर पूर्व कप्तान यानी एंड्रयू बालबर्नी का था। इस बार इनस्विंग की जगह आउटस्विंग का जाल बिछाया। गुड लेंथ पर डाली गई आउटस्विंग गेंद को बल्लेबाज ने बैक फुट से पॉइंट की तरफ हल्के हाथों से पुश करने का प्रयास किया। इसी बीच बल्ले का मुंह जल्दी बंद हो गया और बॉल सीधा स्टंप्स को जा लगी। अर्धदीप ने विकेट लेने के बाद अपने अंदाज में जश्न मनाया। आयरलैंड को नौ रन पर दूसरा झटका लग चुका था और एंड्रयू बालबर्नी पांच रन बनाकर अर्शदीप का दूसरा शिकार बने।
