अहमदाबाद
एक लाख 32 हजार दर्शकों से खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे रोहित शर्मा अचानक आउट हो गए। वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिले इस दूसरे झटके से पूरा देश दहल गया। हिटमैन अर्धशतक से चूक गए। लगातार दूसरे मैच में रोहित शर्मा 47 रन के स्कोर पर आउट हुए। मैक्सवेल के ओवर की दूसरी बॉल पर छक्का और तीसरी गेंद पर चौका मारने के बाद रोहित चौथी गेंद पर भी बड़ा शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन पीछे की ओर दौड़ते हुए ट्रेविस हेड ने एक लाजवाब कैच लपका। अगले ही ओवर में अच्छी फॉर्म में चल रहे श्रेयस अय्यर भी सिर्फ चार रन बनाकर चलते बने। हालात मुश्किल जरूर है, लेकिन रोहित शर्मा का 47 रन पर आउट होना टीम इंडिया के लिए शुभ है।
आखिर हम ऐसा क्यों कह रहे?
दरअसल, सेमीफाइनल में भी रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ 47 रन पर ही आउट हुए थे। टीम इंडिया के लिए उनका 47 रन पर आउट होना लकी साबित हुआ था। तब उन्होंने सिर्फ 29 गेंद में 47 रन कूटते हुए भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई थी। इस शानदार नींव पर विराट कोहली रिकॉर्ड 50वां शतक बनाते हुए भारत को 397/4 तक पहुंचाते हैं और टीम इंडिया 70 रन से जीतकर फाइनल पहुंचती है। आज जब फाइनल में रोहित शर्मा आउट हुए तब भारत का स्कोर 9.4 ओवर में 66 रन हो चुका था। खबर लिखे जाने तक विराट कोहली और केएल राहुल मैदान पर जम चुके थे। भारत का स्कोर 24 ओवर में 128/3 था।
रोहित शर्मा का सेल्फलेस क्रिकेट
भारतीय टीम लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल तक पहुंची है। मैन इन ब्लूज की इस विजयी यात्रा में रोहित शर्मा का अतुलनीय योगदान रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में भले ही वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे, लेकिन उसके बाद उनके बल्ले ने जमकर रन उगला। अफगानिस्तान के खिलाफ 131 रन की शतकीय पारी, पाकिस्तान के खिलाफ 63 गेंद में 86 रन, इंग्लैंड के खिलाफ 87, नीदरलैंड्स के विरुद्ध 61 रन के अलावा वह बांग्लादेश के खिलाफ 48, न्यूजीलैंड के खिलाफ 46, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 40 रन अहम है।
