चेन्नई,
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) टीमें आमने-सामने हैं. यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. जवाब में चेन्नई टीम ने 211 रनों का टारगेट सेट किया.
गायकवाड़ का शतक और शिवम की फिफ्टी
चेन्नई टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 210 रन बनाए. टीम के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 56 गेंदों पर शतक जड़ा. उन्होंने 60 गेंदों पर कुल 108 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान 3 छक्के और 12 चौके जमाए.जबकि शिवम दुबे ने 27 गेंदों पर 66 रन जड़े. उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके जमाए. दूसरी ओर लखनऊ टीम के लिए कोई गेंदबाज कमाल नहीं दिखा सका. मेट हेनरी, मोहसिन खान और यश ठाकुर ने 1-1 विकेट लिया.
चेन्नई की पारी का स्कोरकार्ड:
| बल्लेबाज | रन | गेंदबाज | विकेट पतन |
| अजिंक्य रहाणे | 1 | मैट हेनरी | 1-4 |
| डेरेल मिचेल | 11 | यश ठाकुर | 2-49 |
| रवींद्र जडेजा | 16 | मोहसिन खान | 3-101 |
| शिवम दुबे | 66 | रनआउट | 4-205 |
इस सीजन में चेन्नई-लखनऊ के बीच दूसरी टक्कर
इस सीजन में चेन्नई और लखनऊ के बीच यह दूसरा मुकाबला है. साथ ही दोनों टीमों ने अपना पिछला मुकाबला भी एकदूसरे के खिलाफ शुक्रवार (19 अप्रैल) को ही खेला था. लखनऊ में खेले गए इस मुकाबले में केएल राहुल की कप्तानी वाली LSG टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी.
चेन्नई चौथे और लखनऊ पांचवें नंबर पर काबिज
अब यह मुकाबला चेन्नई अपने घर में खेल रही है. ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई टीम इस मैच को जीतकर लखनऊ से बदला पूरा करने के इरादे से उतरी है. बता दें कि चेन्नई और लखनऊ दोनों टीमों ने अब तक 7 में से 4 मैच जीते हैं. ऐसे में पॉइंट्स टेबल में भी चेन्नई बेहतरीन नेट रनरेट के चलते चौथे नंबर पर काबिज है. जबकि लखनऊ टीम ठीक उसके बाद पांचवें नंबर पर है.
लखनऊ से एक ही मैच जीती चेन्नई टीम
IPL में चेन्नई और लखनऊ के बीच अब तक 4 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई ने एक ही मैच में जीत हासिल की. जबकि लखनऊ को दो मुकाबलों में जीत मिली. एक मैच का नतीजा नहीं निकला.
