विज्क आन जी (नीदरलैंड्स),
भारत के युवा शतरंज सुपरस्टार आर प्रज्ञानानंद का शानदार प्रदर्शन जारी है. उन्होंने टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के चौथे दौर में चीन के मौजूदा विश्व चैम्पियन डिंग लीरेन को हराया. इस जीत के साथ ही वह दिग्गज विश्वनाथन आनंद को पीछे छोड़कर भारत के सर्वाधिक रेटिंग वाले खिलाड़ी बन गए.
मंगलवार की रात को दर्ज की गई इस जीत से 18 साल प्रज्ञानानंद के 2748.3 रेटिंग अंक हो गए हैं, जो फिडे लाइव रेटिंग में पांच बार के विश्व चैम्पियन आनंद के 2748 अंकों से अधिक है. विश्व शतरंज की सर्वोच्च संस्था प्रत्येक महीने के शुरू में रेटिंग जारी करती है.प्रज्ञानानंद ने काले मोहरों से खेलते हुए 62 चाल में जीत दर्ज की. वह आनंद के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने क्लासिकल शतरंज में मौजूदा विश्व चैम्पियन को हराया.
सचिन तेंदुलकर ने युवा शतरंज प्रतिभा की प्रशंसा करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया. तेंदुलकर ने अपने पोस्ट में कहा, ‘विश्व चैम्पियन, डिंग लिरेन के खिलाफ इस उल्लेखनीय जीत के लिए @rpraggnachess को बहुत-बहुत बधाई. 18 साल की छोटी उम्र में, आपने न केवल खेल पर अपना दबदबा बनाया, बल्कि भारत के शीर्ष रेटेड खिलाड़ी भी बन गए.’
इससे पहले रमेशबाबू प्रज्ञानानंद को पिछले साल फिडे वर्ल्ड कप शतरंज टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन वो खिताब जीतने से चूक गए. उन्हें दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी. फाइनल के तहत दो दिन में दो बाजी खेली गईं और दोनों ही ड्रॉ पर खत्म हुईं. इसके बाद टाईब्रेकर से नतीजा निकला.
10 साल की उम्र में बने थे इंटरनेशनल मास्टर
प्रज्ञानानंद भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर हैं. वह भारत के शतरंज के प्रतिभाशाली खिलाड़ी माने जाते हैं. वो महज 10 साल की उम्र में इंटरनेशनल मास्टर बन गए. ऐसा करने वाले वह उस समय सबसे कम उम्र के थे. वहीं 12 साल की उम्र में प्रज्ञानानंद ग्रैंडमास्टर बने. ऐसा करने वाले वह उस समय के दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे.
