मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 21वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों को पकड़कर धून दिया। ईशान किशन के साथ ओपनिंग करने उतरे रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 27 गेंद में 49 रनों की पारी खेली। हालांकि, वह अपनी फिफ्टी पूरा नहीं कर पाए लेकिन इसके बावजूद रोहित शर्मा के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। रोहित इस लीग में दिल्ली के खिलाफ एक हजार रन पूरा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। ऐसे में आइए जानते हैं किसी एक टीम के खिलाफ किन-किन खिलाड़ियों ने एक हजार या इससे ज्यादा रन बनाए हैं।
दिल्ली और केकेआर के गेंदबाजों के लिए काल हैं रोहित
आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने विस्फोट अंदाज में 49 रनों की पारी खेली। फिफ्टी से ठीक पहले रोहित अक्सर पटेल ने उन्हें बोल्ड कर लिया लेकिन इससे पहले उन्होंने दिल्ली के खिलाफ इस लीग में एक हजार रन पूरे कर लिए। दिल्ली के खिलाफ हमेशा से रोहित का बल्ला गरजा है। दिल्ली के अलावा रोहित केकेआर के खिलाफ भी आईपीएल में 1 हजार से अधिक रन बना चुके हैं।
विराट ने उड़ाया है दिल्ली और सीएसके के खिलाफ गर्दा
रोहित शर्मा के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली भी दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के खिलाफ खूब कहर बरपाया है। विराट कोहली ने दिल्ली के खिलाफ एक हजार या इससे रन बनाने का कारनामा किया है। दूसरी टीम सीएसके है जिसके गेंदबाजों को खेलना विराट को खूब भाता है। सीएसके के खिलाफ विराट आईपीएल में एक हजार बना चुके हैं।
केकेआर और पंजाब के खिलाफ गरजा है वॉर्नर का बल्ला
रोहित शर्मा और विराट कोहली के अलावा ऑस्ट्रेलियाई ओपनर बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी आईपीएल में दो टीमों के खिलाफ एक हजार से अधिक रन बनाने का कारनामा किया है। इस लीग में वॉर्नर ने पंजाब किंग्स और केकेआर गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई है।
