नई दिल्ली
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2023 के एक अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया. सनराइजर्स हैदराबाद की जीत के हीरो राहुल त्रिपाठी रहे, जिन्होंने नाबाद 74 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. राहुल त्रिपाठी की इस पारी की बदौलत SRH ने 17 गेंद बाकी रहते ही 144 रनों का टारगेट हासिल कर लिया. सनराइजर्स हैदराबाद की तीन मैचों में यह पहली जीत रही.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार (9 अप्रैल) को हुए मुकाबले में सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही थी और उसने 45 रनों तक दो विकेट खो दिए थे. हैरी ब्रूक को अर्शदीप सिंह ने बोल्ड किया, जबकि 21 रन बनाने वाले मयंक अग्रवाल को राहुल चाहर ने सैम कुरेन के हाथों कैच आउट कराया. इसके बाद तो एकतरफा ट्रैफिक रहा क्योंकि कप्तान एडेन मार्करम और राहुल त्रिपाठी की जोड़ी क्रीज पर जम गई. दोनों ने नाबाद 100 रनों की पार्टनरशिप करके अपनी टीम को जीत दिला दी.
राहुल त्रिपाठी ने 48 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं मार्करम ने नाबाद 37 रनों की पारी में छह चौके जड़े. इस जीत के चलते SRH अंकतालिका में आठवें नंबर पर आ गई है. वहीं पंजाब किंग्स की टीम छठे नंबर पर बनी हुई. पंजाब ने तीन में से दो मुकाबले जीते है. राजस्थान रॉयल्स की टीम फिलहाल टॉप पर है.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पहली गेंद पर प्रभसिमरन सिंह का विकेट खो दिया. प्रभसिमरन को भुवनेश्वर कुमार ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. अगले ओवर में मैथ्यू शॉर्ट भी पवेलियन लौट गए. आईपीएल डेब्यू करने वाले मैथ्यू शॉर्ट को मार्को जानसेन ने LBW किया. इसके बाद पावरप्ले में पंजाब ने जितेश शर्मा का भी विकेट गंवा दिया, जो मार्को जानसेन की गेंद पर कैच आउट हुए.
तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान शिखर धवन और सैम कुरेन के बीच 41 रनों की साझेदारी हुई. हालांकि, इसके बाद फिर विकेट्स का पतझड़ शुरू हो गया और पंजाब का स्कोर 63/3 रन से आठ विकेट पर 88 रन हो गया. पंजाब की इस हालत के जिम्मेदार स्पिन गेंदबाज मयंक मार्कंडे रहे जिन्होंने चार खिलाड़ियों को आउट किया.
धवन 99 रनों पर रहे नाबाद
नौ विकेट गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि पंजाब की टीम 100 रन भी नहीं बना पाएगी, लेकिन शिखर धवन ने यादगार पारी खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के फैन्स को हतप्रभ कर दिया. धवन ने मोहित राठी के साथ मिलकर 30 गेंदों पर 55 रनों की साझेदारी की, जिसके चलते पंजाब ने 20 ओवर्स में 9 विकेट पर 143 रन बनाए. धवन ने 66 गेंदों पर नाबाद 99 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और पांच छक्के शामिल रहे. वहीं मोहित राठी ने दो गेंदों का सामना करते हुए एक रन बनाए.
आईपीएल में 99 रन पर नाबाद रहने वाले बल्लेबाज:
सुरेश रैना (CSK) बनाम SRH, हैदराबाद, 2013
क्रिस गेल (PBKS) बनाम RCB, मोहाली, 2019
मयंक अग्रवाल (PBKS) बनाम DC, अहमदाबाद, 2021
शिखर धवन (PBKS) बनाम SRH, हैदराबाद, 2023Live TV
