इस्लामाबाद,
साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम एक बार आईसीसी वर्ल्ड कप में चोकर्स साबित हुई है. उसके पास टी20 वर्ल्ड कप 2022 सीजन के सेमीफाइनल में पहुंचने का आसान मौका था, लेकिन उसने यह गंवा दिया है. अफ्रीका को नीदरलैंड्स जैसी कमजोर टीम के खिलाफ 13 रनों से हार झेलनी पड़ी है. इस हार के साथ ही अफ्रीकी टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है. जबकि पाकिस्तान टीम को लाइफलाइन मिल गई. बांग्लादेश को हराने के साथ ही पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई. इस पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने अफ्रीकी टीम के जमकर मजे लिए.
शोएब अख्तर ने अफ्रीका टीम को बड़ा चोकर्स कहा. साथ ही धन्यवाद भी दिया कि उनकी हार की वजह से पाकिस्तान टीम को लाइफलाइन मिल गई है. वरना तो टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे से हारने के कारण पाकिस्तान टीम का बाहर होना लगभग तय था. अख्तर ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो मैसेज शेयर किया.
‘साउथ अफ्रीका आप बहुत बड़े चोकर्स हैं’
वीडियो में शोएब अख्तर ने कहा, ‘थैंक्यू साउथ अफ्रीका. आप बहुत बड़े चोकर्स हैं. चोकर्स इसलिए हैं कि आपने पाकिस्तान को एक और चांस दिया है. बड़ी मेहरबानी आपकी. इंडिया पहुंच चुका है. सभी पाकिस्तानी चाहते हैं कि ये मैच जीतकर आगे जाएं. मुझे नहीं लगता था कि जिम्बाब्वे से हारने के बाद पाकिस्तान सेमीफाइनल में जाने लायक था.’
अख्तर ने वीडियो में आगे कहा, ‘पाकिस्तान को एक लाइफलाइन, लॉटरी मिली है. जहां पर अब पाकिस्तान क्वालिफाई कर सकता है. बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच करो या मरो का मैच रहेगा. मैं मानता हूं कि बांग्लादेशी लोग शानदार हैं, लेकिन हमें इस वर्ल्ड कप की जरूरत है. हमें भारत को एक बार फिर देखने (मैच खेलने) की जरूरत है.’
पाकिस्तान-इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचे
बता दें कि शोएब अख्तर का यह वीडियो पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुकाबले से पहले का है. अफ्रीका के नीदरलैंड्स से हारने के बाद पाकिस्तान टीम ने भी बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. यदि भारतीय टीम और पाकिस्तान अपने-अपने सेमीफाइनल में जीतते हैं, तो अख्तर और बाकी फैन्स की इन दिनों टीमों को फाइनल में देखने की ख्वाहिश भी पूरी हो सकती है.
