नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विराट कोहली के एकदिवसीय करियर का 50वां शतक जड़कर विश्व रिकार्ड बनाने के बाद उनकी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान ने उत्कृष्टता और दृढ़ता का उदाहरण पेश किया है जो सर्वश्रेष्ठ खेल भावना को परिभाषित करती है।उन्होंने कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि उनके स्थायी समर्पण और असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।
भविष्य की पीढ़ियों के लिए मानदंड
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज विराट कोहली ने न सिर्फ अपना 50वां वनडे शतक जमाया है बल्कि उत्कृष्टता और दृढ़ता की भावना का भी उदाहरण पेश किया है जो सर्वश्रेष्ठ खेल भावना को परिभाषित करती है। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। वह भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक मानदंड स्थापित करना जारी रखें। मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक के साथ, कोहली ने अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम अब तक 49 शतकों के साथ सबसे अधिक एकदिवसीय शतकों का रिकॉर्ड था।
सचिन की मौजूदगी में उपलब्धि
कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में महान तेंदुलकर की मौजूदगी में यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि तेंदुलकर ने इसी मैदान पर 15 नवंबर (2013) को ही आखिरी बार भारत के लिए बल्लेबाजी की थी। यह टेस्ट मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था। इससे पहले कोहली ने पांच नवंबर को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 49वां शतक लगाकर तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की थी तब इस महान बल्लेबाज ने उम्मीद जतायी थी कि वह अपना 50वां शतक जल्द पूरा करेंगे।
इस वर्ल्डकप में सबसे अधिक रन
कोहली ने इसके साथ ही विश्व कप के एक सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी तेंदुलकर (2003 में 673 रन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड दिया। कोहली इस दौरान मौजूदा विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (591) को पीछे छोड़ते हुए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इन दोनों के बाद न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र (565) हैं।
