अहमदाबाद,
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में रविवार (19 नवंबर) को फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच घमासान टक्कर हुई. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 240 रन बनाए थे.मगर इसी मुकाबले में भारतीय पारी के दौरान सिक्योरिटी में एक बड़ी चूक देखने को मिली. एक फिलिस्तीन समर्थक अचानक मैदान के अंदर घुस आया और उसने विराट कोहली के पास जाकर उन्हें पीछे से पकड़ लिया.
कोहली से मिलने के लिए स्टेडियम में घुसा था युवक
उस युवक ने मास्क भी फिलिस्तीन के झंडे वाला पहना हुआ था. यह वाकया भारतीय पारी के दौरान 14वें ओवर की तीसरी बॉल के बाद हुआ. इस वाकये के तुरंत बाद सिक्योरिटी वाले आए और उस दर्शक को पकड़कर बाहर किया. इसी दौरान उस युवक के हाथ में चोट ङी लगी है. फिलहाल उस युवक को पकड़कर चांदखेड़ा पुलिस स्टेशन लाया गया है.
अब उस युवक की पूरी जानकारी भी सामने आई है. उसका नाम वेन जॉनसन (Wen Johnson) है और उसने खुद को ऑस्ट्रेलियन नागरिक बताया है. उसके पासपोर्ट से भी इसका खुलासा हुआ है. उसकी उम्र 24 साल ही है. सुरक्षा नियम तोड़ने वाले युवक ने कहा, ‘मेरा नाम जॉनसन है. मैं ऑस्ट्रेलियन नागरिक हूं. मैं विराट कोहली से मिलने के लिए स्टेडियम घुसा था. मैं फिलिस्तीन को सपोर्ट करता हूं.’
भारतीय टीम की जर्सी पहनकर स्टेडियम में घुसा था
सूत्रों ने बताया कि आरोपी वेन जॉनसन फाइनल मैच देखने के लिए भारतीय टीम की जर्सी पहनकर स्टेडियम में घुसा था. यानी की वो बताना चाहता था कि टीम इंडिया को सपोर्ट करने आया है. हालांकि बाद में स्टैंड में ही उसने यह जर्सी बदली और फिलिस्तीन को सपोर्ट करने वाली टी-शर्ट पहनकर मैदान में घुस आया. इसी दौरान उसने कोहली को भी पकड़ लिया था.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने किया था गाजा का सपोर्ट
बता दें कि इस वर्ल्ड कप में इससे पहले भी कई बार हमास और इजरायल के बीच जारी जंग से जुड़े कुछ मामले सामने आए हैं. सबसे पहले पाकिस्तान टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने वर्ल्ड कप के बीच इस जंग का मुद्दा लेकर आए थे. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मैच विनिंग शतक लगाने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी और अपने शतक को गाजा वालों के नाम किया था.
इसके बाद पाकिस्तान टीम के कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिलिस्तीन को सपोर्ट किया. इसके बाद दूसरा वाकया तब सामने आया, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने थीं.
कोलकाता वाले मैच में लगे थे फिलिस्तीन के नारे
तब इसी मुकाबले के दौरान एक दर्शक को स्टैंड में एक पोस्टर लहराते हुए दिखाया गया. उसका फोटो भी काफी वायरल हो रहा है. उस दर्शक ने पोस्टर में लिखा, ‘भारत आतंक के खिलाफ इस जंग में इजरायल के साथ खड़ा है.’फिर 31 अक्टूबर को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मुकाबला खेला गया. इसी दौरान 3 से 4 लड़कों को फिलिस्तीन का झंडा फहराते देखा गया था. साथ ही उन्हें फिलिस्तीन जिंदाबाद के नारे लगाते भी देखा गया था. इस मामले के बाद विवाद काफी बढ़ गया था.
