पेरिस,
पेरिस ओलंपिक 2024 से भारतीय महिला रेसलर अंतिम पंघल को लेकर एक निराशाजनक खबर सामने आ रही है. उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उन्होंने बुधवार (7 अगस्त) एक नियम तोड़ा था, जिसके चलते अब उन पर एक्शन हो सकता है.इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) अगले 1-2 दिनों में अंतिम के मामले में कुछ फैसला कर सकते हैं. यदि अंतिम के खिलाफ एक्शन लिया जाता है, तो उनको क्या सजा मिलेगी? इसको लेकर भी 1-2 दिन में ही IOA कोई फैसला लेगा.
बता दें कि पेरिस ओलंपिक में अंतिम पंघल बुधवार (7 अगस्त) को महिला फ्रीस्टाइल 53 किग्रा के ओपनिंग राउंड में उतरी थीं. इस मैच में अंतिम का मुकाबला तुर्की की येनेप येटगिल से था. मुकाबले में येनेप ने अंतिम को 10-0 से शिकस्त दी थी.
अंतिम की बहन को पेरिस पुलिस ने पकड़ा था
इस मैच के बाद अंतिम की बहन निशा पंघल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई. निशा अपनी रेसलर बहन का एक्रिडिटेशन कार्ड लेकर स्पोर्ट्स विलेज गईं थीं. यहां वो अंतिम का सामान लेने के लिए गई थीं. इसी दौरान पेरिस पुलिस ने अंतिम की बहन को कैंपस में घुसने के लिए गलत तरीके से एक्रीडिटेशन कार्ड इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था.
अंतिम की बहन निशा पंघल को पेरिस पुलिस ने उनके अपराध के लिए कुछ वक्त के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के हस्तक्षेप पर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. हालांकि, इस घटना के बाद IOA ने अंतिम को अपने कोच, भाई और बहन के साथ पेरिस छोड़ने का निर्देश दिया.
मामले में रेसलर अंतिम ने वीडियो मैसेज जारी किया
इस मामले के बाद अंतिम का एक वीडियो मैसेज भी सामने आया है. इसमें उन्होंने अपने और बहन निशा के नियम तोड़ने के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मैच के दौरान और उसके बाद भी मेरी तबीयत खराब हो गई थी. इसके चलते में स्पोर्ट्स विलेज छोड़कर बहन के साथ होटल ही चली गई थी.
तब मेरी तबीयत खराब होने के कारण मेरी बहन सिर्फ मेरा सामान लेने के लिए विलेज गई थी. इस दौरान उसने पेरिस पुलिस से पूछा था कि क्या मैं अंतिम का सामान लेने के लिए यह एक्रीडिटेशन कार्ड इस्तेमाल कर सकती हूं. तब पेरिस पुलिस सिर्फ एक्रीडिटेशन कार्ड के वेरिफिकेशन के लिए निशा को अपने साथ ले गई थी. इसके अलावा कोई और मामला नहीं था.
