बटाला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को बटाला में 176.91 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि जहाँ आम आदमी पार्टी विकास और जनहित की बात करती है, वहीं विपक्षी दल केवल एक-दूसरे की टांग खींचने और अपने परिवारों को बचाने में मशगूल हैं। मुख्यमंत्री ने नगर निगम बटाला के लिए 95.72 करोड़ रुपये, पंजाब मंडी बोर्ड के तहत 16.10 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से 65.09 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की नींव रखी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और घर-घर तक सुविधाएं पहुंचाना है। विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए सीएम मान ने कहा, “पुराने नेता आम लोगों से हाथ मिलाने के बाद सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि वे जनता को कीड़े-मकौड़े समझते हैं।” उन्होंने सुखबीर बादल की ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ को ‘परिवार बचाओ यात्रा’ करार देते हुए कहा कि ये लोग अपने करीबियों को बचाने के लिए रैलियां कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए इन्होंने पंजाब के युवाओं को नशे (चिट्टे) की दलदल में धकेला।
गुरु साहिब की बेअदबी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने अकाली दल को घेरते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने जानबूझकर कमजोर कानून बनाए ताकि उनके अपने लोग बच सकें। उन्होंने एलान किया कि ‘आप’ सरकार ने सख्त कानून बनाया है, जिसमें बेअदबी करने वालों को उम्रकैद और 25 लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा, “बेअदबी करने वालों को ऐसी सजा मिलेगी कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी ऐसा कृत्य करने से डरेंगी।”
