पश्चिम गोदावरी,
आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक पुलिस उप-निरीक्षक ने शुक्रवार को अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. एक पुलिस अधिकारी ने ये जानकारी दी है. यहां के पुलिस अधीक्षक अदनान नईम असिम ने कहा कि एजीएस मूर्ति ने तनुकु ग्रामीण पुलिस स्टेशन में सुबह करीब 7.45 बजे यह कदम उठाया.
असिम ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘आज सुबह उसने पुलिस स्टेशन के अंदर आत्महत्या कर ली. मामले की जांच की जाएगी, उसके आधार पर हम निष्कर्ष पर पहुंचेंगे और इसके पीछे के कारण हो सकता है.’ एसपी के अनुसार, मूर्ति को भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण रिजर्व (वीआर) में एक रिक्त पद पर रखा गया था और उनके खिलाफ एक जांच लंबित थी. असिम ने कहा कि पुलिस आत्महत्या पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है.
बता दें कि एक दिन पहले एमपी के भोपाल से ऐसा ही मामला सामने आया था. यहां एक CRPF कॉन्स्टेबल ने पहले पत्नी को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. पति-पत्नी दोनों की मौके पर मौत हो गई. मामला भोपाल के मिसरोद थाना इलाके में मिसरोद क्षेत्र के बंगरसिया में स्थित सीआरपीएफ कैंप का है.
यहां सीआरपीएफ आरक्षक रविकांत ने पत्नी की हत्या को अंजाम देकर खुद भी जान दे दी. मालूम हुआ कि हत्या के समय रविकांत शराब के नशे की हालत में था. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल इस हत्या और आत्महत्या के पीछे के कारण का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
