कसडोल।
कसडोल विकासखंड के गिरौदपुरी धाम में स्थित अमरगुफा में सोमवार को भाजपा की गठित जांच दल मंत्री दयालदास बघेल के नेतृत्व में पहुंची जहां उन्होंने असामाजिक तत्वों के द्वारा अमरगुफा में स्थित जैतखाम में की गई तोड़फोड़ का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान भाजपा के जांच दल ने मौके पर मौजूद पुजारी से पूरी घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
गौरतलब है कि बीते 15 मई को असामाजिक तत्वों के द्वारा की गई इस हरकत की वजह से सतनामी समाज में आक्रोश की जो चिंगारी सुलगी वह बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट में आगजनी के रूप में सामने आई थी। इसके बाद समिति गिरौदपुरी मंदिर में दर्शन के बाद बलौदाबाजार रवाना हो गई। तत्पश्चात अधिकारियों के साथ मीटिंग कर जानकारी लेकर प्रदेशाध्यक्ष को रिपोर्ट सौपेंगे।
इस दौरान भाजपा के जांच समिति के संयोजक मंत्री दयालदास बघेल, सदस्य मंत्री टंकराम वर्मा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नवीन मारकंडे, पूर्व विधायक रंजना साहू समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
