जयपुर। कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित ‘कर्नाटक लोकभवन’ में राजस्थान राज्य स्थापना दिवस का भव्य समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी माटी से हजारों मील दूर रहकर भी प्रवासी राजस्थानी जिस तरह अपनी गौरवशाली संस्कृति, कला और परंपराओं को सहेजे हुए हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने प्रवासियों की उद्यमशीलता और अपनी जड़ों के प्रति उनके लगाव को राजस्थान की असली ताकत बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से विशेष आग्रह किया कि वे राज्य के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने प्रवासियों को आगामी ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया, ताकि कृषि और तकनीक के क्षेत्र में नए निवेश और नवाचारों को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासियों के लिए हर संभव सहयोग हेतु प्रतिबद्ध है। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रवासी राजस्थानियों ने लोक गीतों और नृत्य के माध्यम से राजस्थान की जीवंत छटा बिखेरी, जिसे देख लोकभवन का वातावरण राजस्थानी रंग में रंग गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कर्नाटक में निवास कर रहे राजस्थानी समाज के प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
