जयपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात देते हुए उनके लिए यूनिफॉर्म मद में आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के खातों में दो यूनिफॉर्म के लिए एक-एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। यूनिफॉर्म के लिए दी गई यह सहायता राशि उनके कार्य में उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में भी इस दिशा में और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
