मोगा। भगवंत सिंह मान 4 अप्रैल को मोगा में लगभग 83 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम मोगा की दाना मंडी मोगा में आयोजित किया जाएगा। इन विकास कार्यों में बिजली से जुड़ी परियोजनाएं, सड़कों का नवीनीकरण तथा मोगा शहर के सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आमजन को भी संबोधित करेंगे।
तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर सागर सेतिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियां भी निर्धारित कीं। सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
ऐसे में आम जनता के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और प्रोटोकॉल के अनुसार सभी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
