चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक विशेष समारोह में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 8वीं कक्षा की परीक्षा में राज्य स्तर पर शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्राओं की उपलब्धि को राज्य के लिए गौरव बताया और उनके अभिभावकों व शिक्षकों को बधाई दी। सम्मानित होने वाली छात्राओं में फरीदकोट जिले की तमन्ना और जशनदीप कौर तथा संगरूर की जपनीत कौर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तमन्ना एक भट्ठे पर मुनीम का काम करने वाले व्यक्ति की बेटी है। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली छात्राएं भी शिक्षक और छोटे दुकानदार परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। सीएम मान ने कहा कि यह नतीजे साबित करते हैं कि यदि सही अवसर मिले, तो सामान्य परिवारों के बच्चे भी आसमान छू सकते हैं।
