बेअदबी के खिलाफ बना देश का सबसे सख्त कानून
जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वीरवार को सुल्तानपुर लोधी के ऐतिहासिक गांव सीचेवाल पहुंचे। यहाँ उन्होंने संत बाबा अवतार सिंह जी के 38वें सालाना बरसी समागम में शिरकत कर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ मिलकर ‘संत अवतार सिंह मेमोरियल हॉकी स्टेडियम’ में नवनिर्मित अत्याधुनिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ (टर्फ) का विधिवत उद्घाटन किया। समागम को संबोधित करते हुए सीएम मान ने पारंपरिक राजनीतिक दलों पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल धर्म और जाति के नाम पर समाज और लोगों को आपस में बांटने की कोशिश करते हैं, मगर आम आदमी पार्टी (AAP) ऐसी संकीर्ण सियासत नहीं करती है। पंजाब गुरुओं, संतों-महापुरुषों और पीरों की वह पवित्र धरती है, जिसने पूरी मानवता को हमेशा आपसी प्रेम, भाईचारे और सहनशीलता का मार्ग दिखाया है। हमारे समाज का सामाजिक ताना-बाना बेहद मजबूत है और इसे और सुदृढ़ करने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेअदबी के मामलों को लेकर पंजाब सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक और कड़े कदमों का भी विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समग्र संत समाज से गहन परामर्श करने, अमृतसर और चंडीगढ़ में कई दौर की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित करने तथा देश के नामचीन वकीलों व सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के साथ लंबी चर्चा के बाद राज्य सरकार ने बिना किसी कानूनी खामी के बेअदबी के खिलाफ देश का सबसे सख्त कानून तैयार किया है। सीएम मान ने भावुक होते हुए कहा कि परमात्मा ने उन्हें ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम 2026’ लागू कर मानवता की सेवा करने का यह ऐतिहासिक अवसर दिया है, जो बेअदबी के दोषियों के लिए बेहद कड़े और सख्त दंड का प्रावधान करता है।
