पटियाला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पटियाला दौरे के दौरान पीआरटीसी के बेड़े में 250 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और विपक्षी दलों, विशेषकर शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में एससी और बीसी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। उन्होंने विरोधियों के तंज का जवाब देते हुए कहा कि जो नेता होटलों में वेटर को 1500 रुपये टिप दे देते हैं, उन्हें इस राशि की अहमियत पता नहीं है, लेकिन एक आम परिवार के लिए यह राशि घर चलाने में बड़ी मददगार साबित होती है।
पेंशन योजनाओं में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और माताओं को फिंगरप्रिंट मैच न होने के कारण होने वाली परेशानी से बचाने के लिए अब बायोमेट्रिक की शर्त हटा दी गई है और केवल फोटो के आधार पर ही सत्यापन मान्य होगा। सुखबीर बादल पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए मान ने कहा कि बिना गनमैन के उन्हें कोई पहचानता तक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने युवाओं के भविष्य और बच्चों की पढ़ाई के हक को मारकर अपनी ‘खानदानी’ सियासत चमकाई है।
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां ‘घंटे-घंटे के मुख्यमंत्री’ बनते हैं और पार्टी के दिग्गज नेता जनता के मुद्दों के बजाय आपसी कलह और कुर्सी की लड़ाई में उलझे हुए हैं। मान ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का एजेंडा स्कूल, स्वास्थ्य और रोजगार है, जबकि विपक्षी रैलियों से आम लोग अब गायब हो चुके हैं।
