चंडीगढ़,
आंदोलनरत किसान शंभू बॉर्डर से कल यानी रविवार को फिर दिल्ली की ओर कूच करेंगे. किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आज हमारे विरोध प्रदर्शन के 299 दिन पूरे हो गए हैं, और कल हम 300 दिन पूरे कर लेंगे. आज हमने घायल किसानों से मुलाकात की, जिनमें से एक की सुनने की शक्ति चली गई है. उन्होंने कहा कि शंभू बॉर्डर पर शुक्रवार (6 दिसंबर) को हरियाणा पुलिस से हुई झड़प में 16 किसान घायल हुए हैं और अगर हम मामूली रूप से घायलों को भी शामिल करें तो यह संख्या करीब 25 हो सकती है.
शंभू बॉर्डर पर एसकेएम (अराजनीतिक) और KMM की आज प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इसमें पंढेर ने कहा कि अभी तक हमें केंद्र सरकार से कोई सूचना नहीं मिली है, कल एक बार फिर 101 किसानों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली की ओर कूच करेगा. किसान नेता पंढेर ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन ने सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया है, हम अब ट्रैक्टर और ट्रॉलियों का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, लेकिन हमें अभी भी दिल्ली आने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
उन्होंने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान को लेकर कहा कि हमें तो अपनी फसलों से हुए नुकसान का मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है. लेकिन वे (शिवराज सिंह) एमएसपी की घोषणा कर रहे हैं. पूरी स्थिति भ्रामक और अस्पष्ट है. किसान यूनियनों संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा किए गए आह्वान के तहत 101 किसानों के ‘जत्थे’ ने शुक्रवार को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर से दोपहर 1 बजे दिल्ली के लिए कूच किया था.
हरियाण पुलिस से हुई किसानों की झड़प
इस दौरान हरियाणा पुलिस ने किसानों से आगे न बढ़ने के लिए कहा और अंबाला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का हवाला दिया, जिसके तहत जिले में पांच या उससे अधिक लोगों के गैरकानूनी रूप से एकत्र होने पर प्रतिबंध है. इस दौरान किसानों ने बैरिकेड्स को जबरन पार करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें रोक दिया गया. सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने और उन्हें पंजाब के शंभू में अपने विरोध स्थल पर वापस जाने के लिए मजबूर करने के लिए कई आंसू गैस के गोले दागे. प्रदर्शनकारियों में से एक टिन शेड की छत पर चढ़ गया, जहां सुरक्षा बल तैनात थे.
पुलिस ने किसानों पर छोड़े आंसू गैस के गोले
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने शुक्रवार की शाम को कहा था कि आंसू गैस के गोले दागे जाने की वजह से कई किसान घायल हुए हैं. दो गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने हरियाणा सरकार पर “किसानों के खिलाफ ज्यादती” करने का आरोप लगाया. घायलों में किसान नेता सुरजीत सिंह फुल भी शामिल हैं. किसान नेताओं ने कहा कि घायलों को विरोध स्थल पर खड़ी एंबुलेंस में अस्पताल ले जाया गया.
