गाजियाबाद
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक नवविवाहिता पर केस दर्ज कराया गया है। उस पर ससुराल में बवाल, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ का आरोप लगा है। मामला कुछ ऐसा है, जिसे जानकर लोग हैरान हो जा रहे हैं। दरअसल, शादी के बाद नवविवाहिता ने पति के सामने हनीमून पर जाने की बात रखी। पति इसके लिए नाराज नहीं हुआ। महिला इससे नाराज हो गई। उसने पति का घर छोड़ दिया। ससुराल छोड़कर वह मायके चली गई। इसके कुछ माह बाद एक बार फिर महिला ससुराल पहुंची। इस बार उसके तेवर बदले हुए थे। उसने ससुराल वाले घर पर पथराव कर दिया। वहां तोड़फोड़ मचा दी। मामले को लेकर ससुर ने नवविवाहिता के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस से उन्होंने इंसाफ की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद के नंदग्राम के राधाकुंज में रहने वाले एक व्यक्ति का आरोप है कि उसकी बहू ने घर में तोड़फोड़ की है। उनका कहना है कि बड़े बेटे की शादी 19 फरवरी 2024 को सराय नजर अली, गाजियाबाद की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शादी के दो-चार दिन बाद बहू हनीमून पर जाने की जिद करने लगी। परिवार की बात न मानने पर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। वह ससुराल की सारी बातें फोन कर अपने मायके में भी बताने लगी। इसको लेकर पति के साथ उसकी तकरार हो गई।
मां-बहनों को बुलाया
उन्होंने आरोप लगाया कि 8 जून 2024 को बहू अपनी मां और बहनों को घर बुला लिया। वह मायके जाने के लिए कहने लगी। बहू की जिद पर उन्होंने बेटे से कहकर उसे मायके पहुंचवा दिया। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद जब मेरा बेटे बहू को वापस लाने उसके मायके गया तो उसके माता-पिता और बहनों ने अभी नहीं भेजने की बात कही। बेटे को वापस भेज दिया गया। व्यक्ति ने कहा कि गंगा स्नान के बाद बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों से फोन करके बहू को लेने आने के लिए कहा, लेकिन उसके माता-पिता ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया।
जुलाई में किया था बवाल
ससुर का आरोप है कि 14 जुलाई को कुछ लोग उनके घर पर आए। वे वहां आकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद वापस चले गए। 26 जुलाई की रात 10 बजे बहू, उसकी बहनें और मां ने घर आकर हंगामा शुरू कर दिया। दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगी। उन्होंने बताया कि डायल-112 पर फोन कर हमने पुलिस को बुलाया। व्यक्ति ने बताया कि पुलिस के आने पर मैंने अपना दरवाजा खोला। दरवाजा खुलने के बाद वे लोग घर के अंदर आने लगे। पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। पुलिसवालों के कहने पर वे लोग अपने घर चले गए।
19 नवंबर को हंगामा
व्यक्ति का कहना है कि इसके बाद 19 नवंबर को बहू अपनी दो छोटी बहनों और एक अज्ञात युवक को लेकर उनके घर आई। उन लोगों ने दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद बहू और उसकी बहनों ने पत्थर मारकर घर के शीशे और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इस घटना को लेकर महिला के ससुर ने नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया है।
