महोबा
उत्तर प्रदेश के महोबा में बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे। जैसे ही एक कर्मचारी ने विधायक जी को देखा तो तुरंत दौड़कर उनके पास पहुंचा। उसने कहा कि मैंने आपको वोट दिया है। अब आप मेरी शादी करवाओ। इस पर विधायक ने हंसते हुए कर्मचारी को जल्द उसकी शादी करवाने का आश्वासन दिया। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में गाड़ी में बैठे चरखारी के विधायक ब्रजभूषण राजपूत काफी देर तक कर्मचारी से बात करते नजर आते हैं। पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने बताया कि उसने विधायक के खिलाफ लड़े गोस्वामी जी से भी शादी कराने की गुहार लगाई थी। विधायक के पूछने पर व्यक्ति ने अपनी सैलरी भी बताई। उसने बताया कि छह हजार रुपये वेतन है और 13 बीघा जमीन भी है। इस पर विधायक ने कहा कि आप तो बहुत अमीर हो। जल्द ही आपकी शादी करवा दूंगा।
अपनी जाति की लड़की से ही शादी पर दिया जोर
इस दौरान विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कर्मचारी से पूछा कि आप जिस जाति के हो, उसी जाति में लड़की चाहिए या किसी भी कास्ट की चल जाएगी। इस पर कर्मचारी ने कहा कि लड़की उसी की जाति की रहे तो अच्छा रहेगा। इस पर विधायक ने कर्मचारी को मानवता में भेदभाव ना करने के लिए कहा। साथ में यह भी कहा कि मैं देखता हूं। आपके भाग्य में जो लड़की होगी, वह आपको मिल जाएगी।
