19.5 C
London
Monday, April 27, 2026
Homeराज्य12 से ज्यादा गोली, पक्का भाऊ का काम है... कौन है हिमांशु...

12 से ज्यादा गोली, पक्का भाऊ का काम है… कौन है हिमांशु भाऊ, जिसे कहते हैं लॉरेंस बिश्नोई का जानी दुश्मन

Published on

नई दिल्ली

हरियाणा में रोहतक जिला मुख्यालय से लगभग 24 किलोमीटर की दूरी पर रोहतक ब्लॉक में ही एक गांव बसा है- रिटौली। बात आज से करीब 4 साल पहले 2020 की है। हरियाणा के सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे गांवों में शामिल इसी रिटौली में महज 17 साल के एक लड़के का झगड़ा गांव के ही एक आदमी से हो जाता है। झगड़ा इतना बढ़ता है कि स्कूल में पढ़ने वाला यही लड़का कहीं से तमंचा लेकर आता है और उस आदमी के ऊपर गोली चला देता है। पूरे गांव में हल्ला मच जाता है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की खबर सुनकर पुलिस की गाड़ियां भी गांव में पहुंचती हैं और इस लड़के को गिरफ्तार कर लेती है। लड़का चूंकि नाबालिग था, इसलिए कोर्ट उसे किशोर सुधार गृह भेज देता है।

इस वारदात को कुछ ही हफ्ते बीते होंगे, खबर आती है कि रोहतक के किशोर सुधार गृह से 17 साल का एक लड़का फरार। तफ्तीश होती है तो ये वही लड़का निकलता है, जिसे कुछ महीने पहले गोली चलाने के आरोप में किशोर सुधार गृह भेजा गया था। धीरे-धीरे वक्त बीतता है और देखते ही देखते कुछ ही दिनों के भीतर हरियाणा के झज्जर और रोहतक जिलों में इस लड़के के नाम के आगे संगीन धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। इस लड़के का नाम था हिमांशु, जो आगे चलकर अंडरवर्ल्ड में भाऊ के नाम से कुख्यात हुआ।

21 साल की उम्र और रेड कॉर्नर नोटिस
लॉरेंस बिश्नोई का जानी दुश्मन माने जाने वाले हिमांशु भाऊ की उम्र महज 21 साल है और देश की टॉप सुरक्षा एजेंसिया उसकी तलाश में हैं। हिमांशु कितना खतरनाक गैंगस्टर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस तक जारी हो चुका है। महज 4 साल के भीतर उसने दिल्ली सहित एनसीआर में कई बड़ी वारदातों को अंजाम देकर अंडरवर्ल्ड की दुनिया में तेजी से अपने कदम बढ़ाए हैं। हिमांशु के बारे में कहा जाता है कि जब किसी शहर के अंदर फायरिंग की कोई वारदात होती है, तो सबसे पहले पुलिस का शक उसी के गैंग पर जाता है। खासकर अगर चलाई गई गोलियों की संख्या 12 से ज्यादा है तो माना जाता है कि ये पक्का हिमांशु भाऊ का काम है।

24 दिनों के भीतर मर्डर की तीन बड़ी वारदात
अंडरवर्ल्ड की राह पर बहुत तेजी से भाग रहे हिमांश भाऊ ने साल 2022 में सुरक्षा एजेंसियों को हिलाकर रख दिया। 3 मार्च, 7 मार्च और 28 मार्च… महज 24 दिनों के भीतर उसने अलग-अलग जगहों पर हत्या की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अपने खिलाफ पुलिस की गहमागहमी बढ़ती देख हिमांशु ने फर्जी कागजात के जरिए पासपोर्ट हासिल किया और 2022 के आखिर में देश छोड़कर पहले दुबई और वहां से पुर्तगाल भाग गया। साल 2023 में सीबीआई की मदद से हरियाणा पुलिस उसके खिलाफ इंटरपोल का नोटिस जारी कराने में सफल हुई।

हिमांशु के ऊपर 2.5 लाख का इनाम घोषित
हिमांशु के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद उसके ठिकानों पर फिर से छापेमारी हुई। इस पूरे ऑपरेशन में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के तकरीबन 500 अधिकारी शामिल थे। रोहतक से लेकर दिल्ली तक फैले उसके लगभग 50 ठिकाने खंगाले गए। छापेमारी के दौरान 79 मोबाइल फोन, 50 सिम कार्ड, विदेशी करेंगी, जिंदा कारतूस, पासपोर्ट और बड़ी संख्या में बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। हिमांशु भाऊ को पकड़वाने वालों के लिए 2.5 लाख रुपए का इनाम घोषित है। इसमें से 1.5 लाख रुपए हरियाणा पुलिस और 1 लाख रुपए के इनाम का ऐलान दिल्ली पुलिस की तरफ से किया गया है।

3 महीनों के भीतर फायरिंग की दो वारदातों को अंजाम
दिल्ली-एनसीआर में हिमांशु भाऊ गैंग की गहरी पकड़ का एहसास उस वक्त हुआ, जब उसके गुर्गों ने राजधानी के द्वारका इलाके में एक बिल्डर के दफ्तर में घुसकर 40 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं। जबरन वसूली के मामले में ये वारदात साल 2023 की सबसे बड़ी आपराधिक घटनाओं में शामिल थी। फायरिंग की इस घटना को महज तीन महीने ही बीते थे कि हिमांशु के गुर्गों ने इसी साल मार्च के महीन में दिल्ली और सोनीपत के बीच बने गुलशन ढाबे पर शराब कारोबारी सुंदर मलिक के ऊपर 35-40 राउंड फायरिंग की। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई।

हिमांशु के खास गुर्गे हैं योगेश और साहिल
हिमांशु को बंबीहा गैंग और कुछ खालिस्तान समर्थक गुटों का सपोर्ट हासिल है। गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उसकी दुश्मनी है। सूत्रों के मुताबिक, हिमांशु अपने दो करीबी साथियों योगेश कादियान और साहिल के साथ मिलकर काम करता है। इन दोनों के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी है और माना जाता है कि ये विदेश में कहीं छिपे हैं। इनमें योगेश कादियान मॉर्डन हथियारों को चलाने में माहिर है और अमेरिका में बंबीहा गैंग से कनेक्ट है। योगेश के बारे में बताया जाता है कि वो भी महज 17 साल की उम्र में देश छोड़कर अमेरिका भाग गया था। वहीं, साहिल का काम हिमांशु भाऊ के जबरन वसूली के धंधे को संभालना है।

टॉप- 5 गैंगस्टर्स में हिमांशु भाऊ का नाम
हिमांशु भाऊ का नाम आज देश के टॉप- 5 गैंगस्टर्स में शामिल है। उसके काले कारनामों की लिस्ट काफी लंबी है। मंगलवार को जब दिल्ली के राजौरी गार्डन में एक रेस्टोरेंट के भीतर दिनदहाड़े फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या हुई, तो इसकी जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ ने ही ली। हिमांशु ने सोशल मीडिया पर लिखी अपनी पोस्ट में कहा, ‘आज राजौरी गार्डन दिल्ली में जो हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं हिमांशु भाऊ और मेरा भाई नवीन बाली लेते हैं। हमारे भाई शक्ति दादा के मर्डर में इसका हाथ था और उसी का बदला आज पूरा हुआ है। जो भी इसमें बाकी हैं, सबका नंबर आने वाला है। 14 के बदले 40 घाल दी हैं, गिनती कर लियो। नीरज बवाना गैंग, काला खरमपुर गैंग, नीरज फरीदपुर गैंग, भाऊ गैंग।’

Latest articles

महिला आरक्षण के समर्थन में कांग्रेस का पैदल मार्च: भोपाल में निकाली रैली, जीतू पटवारी बोले- विधानसभा में करेंगे महिला आरक्षण की मांग

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी संग्राम तेज...

भोपाल के अन्ना नगर गार्बेज स्टेशन में भीषण आग: 25 टन कचरा और रिसाइक्लिंग सामग्री खाक

भोपाल। राजधानी के अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात लगी...

ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर भोपाल पुलिस सख्त: अप्रैल माह में वसूला 11 लाख से अधिक का जुर्माना

भोपाल। राजधानी की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के...

भोपाल में भीषण गर्मी का कहर: नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में 30 अप्रैल तक छुट्टी

भोपाल। राजधानी भोपाल में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों और लगातार बढ़ रहे तापमान ने...

More like this

मुख्यमंत्री साय ने हज यात्रियों को सौंपे ‘फर्स्ट एड किट’, कहा- प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए करें दुआ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर के मेडिकल...

सेवानिवृत्त न्यायाधीश अनुभव की अमूल्य धरोहर, युवा पीढ़ी इनसे सीखे: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। एसोसिएशन ऑफ रिटायर्ड जजेज और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा) के संयुक्त...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को दी विदाई

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर के स्टेट हैंगर पर उपराष्ट्रपति सी.पी....