चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ प्राथमिक स्तर के 72 शिक्षकों के अब तक के सबसे बड़े बैच को फिनलैंड में प्रशिक्षण के लिए रवाना करते समय पत्रकारों से चर्चा में सीएम मान ने कहा कि देश को “विश्व गुरु” बनाने का दावा करने वालों ने आज इसे “विश्व चेला” बनाकर रख दिया है। उन्होंने ईंधन के बढ़ते दामों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने अभी सिर्फ थालियां और तालियां बजाने को कहा है, हो सकता है आगे कोई और जादू-टोना करने को कह दें। सीएम मान ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर एक चीज पर पाबंदी लगा रही है। कभी कहा जाता है सोना मत खरीदो, कभी विदेश यात्रा मत करो तो कभी घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की नसीहत दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री घर से काम नहीं कर सकते? क्या ‘प्राइम मिनिस्टर वर्क फ्रॉम होम’ नहीं हो सकता? बिल्कुल हो सकता है, लेकिन ये सब सिर्फ असल सच्चाई और विफलताओं को छिपाने वाले खोखले तर्क हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जब पाबंदियां कहीं और लगनी चाहिए थीं, तब हमारे देश में लगाई जा रही हैं। नेपाल या दुनिया के किसी अन्य देश में ऐसी पाबंदियां और नीतियां क्यों नहीं देखी जा रही हैं?
