30.5 C
London
Tuesday, June 23, 2026
Homeराज्यसंभल हिंसा के आरोपियों से जेल जाकर मिले सपाई, पुलिस पर बर्बरता...

संभल हिंसा के आरोपियों से जेल जाकर मिले सपाई, पुलिस पर बर्बरता करने का लगाय आरोप, कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प

Published on

मेरठ

संभल जिले में हुई हिंसा को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को हिंसा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों से जेल जाकर सपाइयों का एक 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन ने कहा कि पीड़ितों से मिलकर उनका दिल भर आया। जेल में बंद लोगों के जिस्म पर पुलिस बर्बरता के निशान हैं। बेगुनाहों को जेल भेजा गया है। अब सपा का प्रतिनिधिमंडल संभल में 10 दिसंबर के बाद जाएगा।

इस बीच संभल जाने को लेकर कांग्रेसियों की लखनऊ से लेकर संभल तक पुलिस से खूब झड़प हुई। कांग्रेसी धरने पर बैठे और नारेबाजी की। जगह-जगह रोके गए और नजरबंद कर दिए गए। कांग्रेसियों का कहना है कि वह अब 11 दिसंबर को संभल जाएंगे। इस बीच मस्जिद कमेटी का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इसी सप्ताह हाई कोर्ट में अर्जी दायर करेंगे। गरम माहौल के बीच बलवाइयों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस की दबिशों का दौर तेज हो गया है।

कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, अजय राय सड़क पर बैठे
संभल हिंसा के नौवें दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संभल जाने के एलान बाद लखनऊ के साथ मुरादाबाद और बरेली मंडल के कई जिलों के कांग्रेसियों को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। रास्ते में रोक दिया। इसको लेकर पुलिस से कहासुनी हुई। लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर से कार से संभल के लिए निकले प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने गेट पर रोक लिया। इस पर कांग्रेसी भड़क गए। पुलिस से झड़प और धक्का-मुक्की हुई। अजय राय सड़क पर धरना देकर बैठ गए। हंगामे के बाद अजय राय ने एलान कर दिया कि 10 दिसंबर तक संभल जाने पर प्रशासन की रोक है। अब कांग्रेसी डेलिगेशन के साथ वह 11 दिसंबर को संभल जाएंगे। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा को भी पुलिस ने रोक लिया। गेट बंद कर दिया।

बरेली में कांग्रेसियों को पुलिस ने संभल जाने से रोका
कांग्रेसियों का रामपुर गार्डन पर एकत्र होकर संभल जाने का प्रोग्राम था। बरेली महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला के साथ कार्यकर्ता संभल जाने के लिए निकले। पुलिस ने संभल जाने से रोक दिया। कांग्रेसी जमीन पर बैठ गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस का कहना था कि संभल में कानून व्यवस्था के मद्देनजर कांग्रेसियों को रोका गया है। संभल जाने की कोशिश करने वालों में प्रदेश प्रवक्ता गुरु डॉक्टर केबी त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला आदि मुख्य थे।

संभल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष नजरबंद
संभल आने वाले कांग्रेस डेलिगेशन के सदस्यों को जगह-जगह पुलिस बल को लगाकर रोक दिया गया है। संभल जिला अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष को घर पर ही नजरबंद कर दिया गया है। सोमवार को संभल हिंसा प्रभावित क्षेत्र और मृतकों के घर जाने के लिए कांग्रेस के 20 सदस्यों का एक डेलिगेशन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में संभल पहुंचना था। सदर कोतवाली संभल क्षेत्र के मोहल्ला आलम सराय निवासी शहर अध्यक्ष तौकीर अहमद और गांव मोहम्मदपुर टांडा निवासी जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के घर पुलिस ने धारा 168 BNS के अंतर्गत नोटिस चस्पा किया। दोनों घरों के बाहर पुलिस को तैनात करते हुए नजरबंद किया गया है।

मुरादाबाद में कांग्रेसी हाउस अरेस्ट
मुरादाबाद में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा समेत कई दूसरे कांग्रेसियों के घरों पर पुलिस का पहरा है। महानगर अध्यक्ष को संभल जाने की कोशिश पर हाउस अरेस्ट किया गया है। अनुभव मेहरोत्रा का नाम कांग्रेस के उस प्रतिनिधि मंडल में है, जो संभल जाने वाला था। अनुभव मेहरोत्रा ने कहा कि पुलिस और सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। सरकार के इशारे पर संभल में पुलिस ने निर्दोष लोगों पर जुल्म किया और अब जनप्रतिनिधियों को सरकार संभल जाने से रोक रही है। महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा के अलावा जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, कांग्रेस नेता हाजी रिजवान कुरैशी, सचिन चौधरी समेत कई नेताओं को संभल जाने से पुलिस ने रोका।

बदायूं में कांग्रेसियों को भी पुलिस ने नजरबंद किया
बदायूं में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। संभल नहीं जाने दिया। पुलिस ने जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह को उनके आवास पर, जिला उपाध्यक्ष वीरेश तोमर जिला, महासचिव इकलास और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रामरतन पटेल के साथ हाउस अरेस्ट कर लिया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संभल जाने से रोकना अघोषित इमरजेंसी है।

संभल हिंसा के आरोपियों से मिलने जेल पहुंचे सपाई
संभल हिंसा में जेल भेजे गए आरोपियों से मुलाकात करने के लिए सोमवार को सपा का एक प्रतिनिधि मंडल मुरादाबाद जेल पहुंचा है। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन, ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान खान, नौगावां विधायक चौधरी समरपाल सिंह समेत कुल 15 लोग शामिल हैं। मुरादाबाद जिला जेल के सीनियर सुपरिटेंडेंट पीपी सिंह के मुताबिक, 15 लोगों को जेल में मुलाकात की परमिशन दी गई है। जेल में मिलने के बाद मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन ने कहा कि पीड़ितों से मिलकर मेरा दिल भर आया। उनके जिस्म पर पुलिस बर्बरता के निशान हैं। सभी बेगुनाहों को जेल भेजा गया हैं। उनका कहना है कि अब दस के बाद सपाई डेलिगेशन संभल जाकर घटना की जानकारी लेगा और पीड़ित परिवारों से मिलेगा।

सपा प्रतिनिधिमंडल में ये नेता
सपा प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, यूपी विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, सांसद हरेंद्र मलिक, रुचि वीरा, इकरा हसन, जियाउर्रहमान बर्क, नीरज मौर्य, विधायक कमाल अख्तर, रविदास मेहरोत्रा, नवाब इकबाल महमूद, पिंकी यादव, संभल के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष जयवीर यादव, बरेली के जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप शामिल हैं।

इसी सप्ताह हाई कोर्ट जाएगी मस्जिद कमेटी
संभल जामा मस्जिद कमेटी अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए इसी सप्ताह हाई कोर्ट जाएगी। कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट ने बताया कि कागजात तैयार कराए जा रहे हें। इस काम में तीन से चार दिन लगेंगे। उसके बाद हाई कोर्ट में अपना पक्ष रखेंगे। दरअसल, 19 नवंबर को चंदौसी स्थित जिला न्यायालय में सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का वाद दाखिल किया गया था। इस दावे के बाद ही जामा मस्जिद कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें मस्जिद का सर्वे कराने के निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की कार्रवाई पर रोक लगा दी है और जामा मस्जिद कमेटी से अपना पक्ष हाई कोर्ट में रखने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जामा मस्जिद कमेटी तैयारी कर रही है।

Latest articles

मध्य प्रदेश में 52% कम बारिश, मानसून की देरी से आधा सूखा जून, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक में हो रही देरी का असर बारिश...

भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव, प्रदेश कार्यसमिति और स्थायी आमंत्रित सदस्यों की घोषणा

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा से बड़ी खबर सामने आ रही है। पार्टी ने प्रदेश...

सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक...

More like this

सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक...

जिला आधारित विकास मॉडल विकसित राजस्थान का आधार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जिला आधारित विकास मॉडल विकसित राजस्थान की...

विकसित भारत शिक्षा अधिनियम विधेयक-2025 पर सीएम भगवंत मान की आपत्ति, केंद्र से पुनर्विचार की मांग

चंडीगढ़। भगवंत मान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर प्रस्तावित ‘विकसित...