पठानकोट। पंजाब के पठानकोट जिले में आगामी 12 अप्रैल को भव्य राज्य स्तरीय ‘नव संवत’ (नया साल) समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस गौरवशाली कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के साथ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
शहर के ऐतिहासिक रामलीला ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस समारोह में विभिन्न विभागों के कैबिनेट मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को और अधिक यादगार बनाने के लिए प्रसिद्ध पंजाबी गायक रोशन प्रिंस द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगी। समारोह की भव्यता और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
पठानकोट की डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी ने मंगलवार को मिनी सचिवालय में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय कीं। बैठक के उपरांत उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ रामलीला ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया और वीआईपी मूवमेंट व आम जनता के लिए पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
