दरभंगा
बिहार के दरभंगा में विवाह पंचमी के दौरान निकाली गई झांकी पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। देखते ही देखते इस पत्थरबाजी में दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना नगर थाना क्षेत्र के बाजितपुर की बताई जा रही है। बीती राज बाजितपुर में विवाह पंचमी के मौके पर झांकी निकाली जा रही थी। इसी दौरान इलाके में एक स्थान पर बैठे एक समूह के लोगों ने लाठी- डंडे से हमला कर दिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
दो समूहों में विवाद
इस हमले में कई लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ विकास कुमार, सदर सिटी एसपी और डीएसपी अमित कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उसके बाद लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया है। बताया जाता है प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी तरौनी गांव में विवाह पंचमी पर झांकी निकालकर बाजितपुर की तरफ ले जाया जा रहा था। इस दौरान बाजितपुर में झांकी के पहुंचने पर दोनों समुदाय के लोगों के बीच बहस शुरू हो गई।
मौके पर पुलिस मौजूद
इस सम्बंध में सिटी एसपी अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल इलाके में भारी संख्या में पुलिस को तैनात कर दिया गया है। घटना की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि विवाह पंचमी पर निकाली गई झांकी पर पत्थरबाजी की घटना को अंजाम दिया गया है। इस घटना को लेकर इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। फुटेज आने के बाद मामले की सही जानकारी मिल पाएगी। उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसपी का बयान
मामले में दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि श्री राम जानकी विवाह के लिए बिना अनुमति के जुलूस निकाला गया, बिना एसएचओ को सूचित किए। जब जुलूस वाजिदपुर मस्जिद पहुंचा, तो दो समूहों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया। एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। हम सीसीटीवी के आधार पर लोगों की पहचान कर रहे हैं। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। अभी तक स्थिति शांतिपूर्ण है। हम जांच कर रहे हैं। लोगों के बयान लिए जा रहे हैं..।
