9.5 C
London
Monday, March 30, 2026
Homeराज्यगुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज टूटने से बड़ा हादसा, 77 से...

गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज टूटने से बड़ा हादसा, 77 से ज्यादा लोगों की मौत, 70 घायल

Published on

मोरबी,

गुजरात के मोरबी में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज अचानक टूट जाने से कई लोग नदी में गिर गए. मौके पर मौजूद गुजरात के पंचायत मंत्री बृजेश मेरजा के मुताबिक हादसे में करीब 77 लोगों की मौत हो चुकी है. 70 घायलों का रेस्क्यू कर लिया गया है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बचे हुए लोगों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. ब्रिज रिनोवेशन के बाद हाल ही में चालू किया गया था.

बताया जा रहा है कि हादसे के समय पुल पर बड़ी तादाद में भीड़ मौजूद थी. रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी पुलिस और प्रशासन की मदद कर रहे हैं. NDRF की 2 टीम मोरबी के लिए रवाना हो गई हैं. हादसे की भयावहता को देखते हुए भारतीय वायु सेना (IAF) के गरुड़ कमांडो की टीम को रवाना कर दिया गया है. कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है.
> मोरबी कलेक्टर ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया.
> गुजरात सरकार ने किया SIT का गठन.
> गुजरात के मंत्री बृजेश मेरजा मौके पर पहुंचे.
> सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी के लिए रवाना हुए.

गुजरात सरकार ने हादसे की जांच के लिए 5 लोगों की SIT का गठन कर दिया है, जिसमें म्युनिसिपल कारपोरेशन के एक IAS अधिकारी, एक क्वालिटी कंट्रोल इंजीनियर और 3 अन्य आधिकारी शामिल रहेंगे. इसके अलावा CID की एक टीम भी इसकी जांच करेगी. हादसे के बाद जिसके परिवार के सदस्य फंसे या लापता हैं. उनकी जानकारी के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय के आपदा नियंत्रण कक्ष ने हेल्पलाइन नंबर 02822 243300 जारी किया है.

5 दिन पहले ही हुआ शुरू
केबल ब्रिज काफी पुराना बताया जा रहा है. राजा-महाराजाओं के समय का यह पुल ऋषिकेश के राम-झूला और लक्ष्मण झूला पुल कि तरह झूलता हुआ सा नजर आता था, इसलिए इसे झूलता पुल भी कहते थे. इसे गुजराती नव वर्ष पर महज 5 दिन पहले ही रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था. रिनोवेशन के बाद भी इतना बड़ा हादसा होने पर अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि फिटनेस सर्टिफिकेट लिए बिना ही ब्रिज को शुरू कर दिया गया था. ब्रिज पर घूमने आए लोगों को 17 रुपए का टिकट खरीदना होता था. वहीं, बच्चों के लिए 12 रुपए का टिकट अनिवार्य था.

पिछले 7 महीने से इस पुल की मरम्मत चल रही थी. रिनोवेशन का काम एक ट्रस्ट के जरिए किया गया. इतने समय बाद पुल खुलने के कारण रविवार को बड़ी तादाद में लोग अपने परिवारों के साथ पुल पर तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे. ब्रिज की लंबाई 200 मीटर से ज्यादा थी. चौड़ाई करीब 3 से 4 फीट थी.

हादसे के बाद केबल ब्रिज की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि ब्रिज बीच से टूटकर नदी में समा गया है. ब्रिज टूटने के बाद कई लोग बीच में भी फंस गए, जो टूटे हुए ब्रिज को पकड़कर किसी तरह बचने की कोशिश करते दिखे.

गुजरात सरकार ने मृतकों के परिवार को 4 लाख और घायलों के परिवार को 50 हजार रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है. वहीं, पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है.

70 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी पहुंचने वाले हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले पर राजनीति नहीं करने की अपील करूंगा. गुजरात के सीएम तुरंत वडोदरा से रवाना हुए हैं. 70 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है. उन्हें अस्पताल ले जाया गया है. अधिकांश लोग खतरे से बाहर हैं.’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की. उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने के लिए कहा है. पीएम मोदी ने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए भी कहा है.

हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं. इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और कई अधिकारियों से बात की है. स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है. NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है. प्रशासन को घायलों को तुरंत उपचार देने के निर्देश दिए हैं.

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि वे आज अपने सभी आगामी कार्यक्रम रद्द करके मोरबी के लिए रवाना हो गए हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है. घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं.भूपेंद्र पटेल ने आगे कहा, ‘पीएम नरेंद्रभाई मोदी ने मुझसे मोरबी की त्रासदी के बारे में बात की और स्थिति का जायजा लिया. प्रधानमंत्री ने पूरे हालात पर लगातार नजर रखने और बचाव अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया है.’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंज केजरीवाल ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, ‘गुजरात में हादसे का बेहद दुःखद खबर मिला. मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है. भगवान से उनकी जिंदगी और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं.बता दें कि इससे पहले 14 अक्टूबर को भारी बारिश के कारण दक्षिण गोवा में दूधसागर झरने में केबल ब्रिज गिर गया था. इसकी चपेट में आए 40 से ज्यादा पर्यटकों को किसी तरह बचाया गया था.

Latest articles

प्रशिक्षण से व्यक्तित्व का उत्कर्ष, राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

प्रशिक्षण अभियान सशक्त भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है: प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल भोपाल:...

भोपाल में सूखे कचरे से बनेगा कोयला, आदमपुर छावनी में 220 करोड़ का चारकोल प्लांट शुरू

भोपाल राजधानी में अब सूखे कचरे से कोयला तैयार किया जाएगा। इसके लिए आदमपुर छावनी...

भंडारा खाकर लौट रहे युवक को बस ने कुचला, मौके पर मौत

भोपाल राजधानी के एमपी नगर इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गायत्री...

एम्स भोपाल में जल्द शुरू होगी लंग ट्रांसप्लांट सुविधा, मरीजों को दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा

भोपाल एम्स भोपाल में जल्द ही फेफड़ा प्रत्यारोपण (लंग ट्रांसप्लांट) की सुविधा शुरू होने जा...

More like this

राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी-2026 जारी, निवेश और रोजगार को मिलेगी नई दिशा

जयपुर। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘‘राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी-2026’’ जारी कर तकनीकी...

बीएचईएल हरिद्वार नाम किया रोशन,‘शौर्य’ गुणता चक्र को राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रथम स्थान

हरिद्वारभारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार की हीप इकाई के अंतर्गत न्यू ब्लेड शॉप...

हर घर जल’ की दिशा में राजस्थान का ऐतिहासिक कदम, JJM 2.0 में एमओयू करने वाला देश का पहला राज्य बना

जयपुर । प्रदेश ने ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को नई गति देते हुए एक...