लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में इन दिनों विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। इस सत्र में भी विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जुबानी बाण छोड़े जा रहे हैं। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सत्र के दौरान एक ऐसा मौका भी आया, जब सपा के एक विधायक पार्टी के ही दूसरे विधायक पर भड़क गए और भारी विधानसभा में ही फटकार लगा दी है। अब इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस मामले में मुरादाबाद से सपा विधायक कमाल अख्तर ने अपनी सफाई भी दे दी है। उन्होंने कहा कि अतुल प्रधान हमारा छोटा भाई है। इससे उसका या किसी अन्य विधायक का कोई लेना देना नहीं है।
विधासनभा में समाजवादी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री कमाल अख्तर स्वास्थ्य व्यवस्था पर अपना पक्ष रख रहे थे, तभी उन्होंने सपा विधायक अतुल प्रधान को फटकार लगाते हुए चुप रहने की नसीहत दे डाली है। सपा विधायक अतुल प्रधान कमाल अख्तर के पीछे वाली सीट पर बैठे थे। वीडियो में देखा जा रहा है कि कमाल अख्तर जब सदन के सामने अपना पक्ष रख रहे हैं, उस समय अतुल प्रधान अपने दूसरे सहयोगियों से बात कर रहे थे। उन्हें कई बार दूसरे विधायकों से बातचीत करते हुए देखा गया। इसी से नाराज होकर सपा विधायक कमाल अख्तर ने अतुल प्रधान को चुप रहने के लिए कहा है। ‘ऐ काहे बकबक कर रहा है तू…’ कहते हुए विधायक को वीडियो में देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद सपा विधायक कमाल अख्तर ने अपनी सफाई भी पेश कर दी है।
सपा विधायक ने कहा- एडिट करके वीडियो वायरल किया जा रहा
सपा विधायक अख्तर ने अपनी सफाई में कहा कि कुछ लोग वीडियो को एडिट करके चला रहे हैं। कमाल अख्तर ने कहा कि पीछे बैठे साथी से न बोलने का अनुरोध कर रहा हूं। उससे अतुल प्रधान या किसी अन्य विधायक से कोई लेना देना नहीं है। अतुल प्रधान हमारी पार्टी के बड़े नेता हैं और हमारा छोटा भाई है। अतुल प्रधान की छवि को खराब करने के लिए लोग इस तरह का प्रयास कर रहे हैं। बता दें कि सपा विधायक कमाल अख्तर ने प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने इस बार बजट बढ़ा दिया है, लेकिन पिछले साल का 68 फीसदी पैसा ही अब तक खर्च कर पाई है। इस बजट के खर्च होने के बाद भी रोजाना पढ़ने को मिलता है कि सिविल अस्पतालों में मरीजों को दवाई नहीं मिल रही है।
आयुष्मान कार्ड मरीजों के साथ धोखा है- सपा विधायक
सपा विधायक ने कहा कि आयुष्मान कार्ड मरीजों के लिए धोखा है, क्योंकि कई बीमारियां आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत नहीं आती है। जिसके चलते हॉस्पिटल वाले मरीजों को आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत इलाज करने से मना कर देते हैं। जिसकी वजह से मरीज दर-दर की ठोकर खाता है। विधानसभा सत्र के दौरान सपा विधायक कमाल अख्तर ने कहा कि जिन अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से इलाज हो रहा है, उन अस्पतालों की हालत खराब है। आयुष्मान से इलाज होने का पैसा अस्पतालों में देर से पहुंच रहा है, जिससे कोई भी अस्पताल आयुष्मान कार्ड से इलाज करने को तैयार नहीं है। सपा विधायक ने कहा कि मुरादाबाद की जनता को मेडिकल कॉलेज की सबसे ज्यादा जरूरत है, क्योंकि यहां के गरीबों को कहीं इलाज नहीं मिल रहा है।
