बॉलीवुड की फेमस सिंगर नेहा कक्कड़ अक्सर ट्रोलर्स के निशाने पर आ जाती हैं। इसकी अलग-अलग वजहें होती हैं। रिएलिटी शो में कंटेस्टेंट्स की दर्दभरी कहानी सुनकर रो देने वाली नेहा पर पहले से ही मीम्स बनते आ रहे हैं। लेकिन कभी-कभी उनकी सिंगिंग पर भी सवाल उठ जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। जबसे उन्होंने अपना नया गाना ‘ओ सजना’ रिलीज किया है, तबसे ही वो यूजर्स की नजरों में हैं। उन्हें कोसा जा रहा है। खरी-खोटी सुनाई जा रही है। कोई उनके गानों पर बैन लगाने की बात कर रहा है तो कुछ कह रहे हैं कि नेहा की आवाज सुनकर उनके कान से खून आ जाता है। दरअसल, नेटिजन्स फाल्गुनी पाठक के आइकॉनिक सॉन्ग ‘मैंने पायल है छनकाई’ के रीमेक से खुश नहीं हैं और ट्विटर पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। हालांकि, नेहा ने इतने ताने सुनने के बाद ट्रोलर्स की बोलती बंद कर दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर हेटर्स को करारा जवाब दिया है। सबसे पहले देखिए उनका पोस्ट।
नेहा कक्कड़ ने दिया करारा जवाब
नेहा कक्कड़ ने कुछ घंटे पहले ही इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जो उनकी सिंगिंग पर सवाल खड़े कर रहे हैं। नेहा लिखती हैं, ‘मैं आज कैसा फील कर रही हूं… इस दुनिया में बहुत ही कम लोगों को वो मिलता है, जो मुझे मिला है। वो भी बहुत कम उम्र में। इस तरह का फेम, प्यार, अनगिनत हिट गानें, सुपर डुपर हिट टीवी शोज. वर्ल्ड टूर, छोटे बच्चों से लेकर 80-90 साल तक के बुजुर्ग फैन और क्या नहीं!! पता है, मुझे ये सब क्यों मिला है? मेरे टैलेंट, हार्ड वर्क, पैशन और पॉजिटिविटी की वजह से। इसलिए… आज मैं भगवान और उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने वो सब दिया है, जो आज मेरे पास है। मैं भगवान की सबसे खुशकिस्मत चाइल्ड हूं। आप सभी को जिंदगी भर की खुशियां मिलें।’
नेहा के पोस्ट पर सिलेब्स का कॉमेंट
Neha Kakkar के इस पोस्ट पर उनके पति रोहनप्रीत सिंह सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने कॉमेंट किया है और उनका सपोर्ट किया है। रोहनप्रीत लिखते हैं, ‘नेहा कक्कड़ क्वीन है और हमेशा रहेगी।’ नेहा के भाई टोनी ने कॉमेंट किया, ‘वाकई में भगवान की सबसे प्यारी बच्ची।’ इनके अलावा धनश्री वर्मा, गीता फोगाट सहित कई सिलेब्स ने नेहा पर प्यार उड़ेला है।पहले आप सुन लीजिए नेहा कक्कड़ का ये गाना ‘ओ सजना’, जिसमें नेहा के साथ प्रियांक शर्मा और धनश्री वर्मा भी हैं। इसमें म्यूजिक तनिष्क बागची का है और लिरिक्स जानी ने लिखे हैं।
हमारी यादों को मत तबाह करो…
एक यूजर ने ट्वीट किया, ‘बहन क्यों तबाह कर रही हो हमारी 90’s की प्यारी यादों को… मत करो। रुक जाओ। तुमने बर्बाद कर दिया। याद पिया को भी तबाह किया था अब ये एक औ ट्रेजेडी गा दी है तुमने… प्लीज खूबसूरत कलेक्शन को खराब तरीके से रीमेक मत बनाओ।’
