6.3 C
London
Friday, March 13, 2026
HomeUncategorizedसोना-चांदी धड़ाम, शादी के सीजन में ट्रंप ने दिया खरीदने का मौका,...

सोना-चांदी धड़ाम, शादी के सीजन में ट्रंप ने दिया खरीदने का मौका, कितना रह गया भाव?

Published on

नई दिल्‍ली

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद सोने की कीमतों में गिरावट आई है। यह गिरावट भारत में शादी के सीजन की शुरुआत के साथ हुई है। यह भारतीय उपभोक्ताओं के लिए सोना खरीदने का अच्छा मौका हो सकता है। 4 नवंबर से मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्‍स) पर सोने की कीमतों में 6% की गिरावट आई है। यह प्रति 10 ग्राम 4,750 रुपये कम हो गई है।

सोने की कीमतों में यह गिरावट उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जिनके परिवारों में शादियां होने वाली हैं। सोना भारत में शादियों, त्योहारों और आर्थिक अनिश्चितता से बचाव के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। सोने की कीमतों में गिरावट के साथ जो लोग शादी की तैयारी कर रहे हैं, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स के एमडी और सीईओ सुवणकर सेन ने कहा, ‘कीमतों में गिरावट के कारण दुकानों पर पूछताछ बढ़ी है। हम आगामी शादी के मौसम में अधिक बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं।’

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने अमेरिकी चुनाव परिणामों के तुरंत बाद ईटी को बताया था कि यह उन लोगों के लिए सोना खरीदने का सही समय है जिनके परिवारों में शादियां होने वाली हैं। उन्हें फिलहाल कुछ राहत मिल सकती है।

मेहता ने यह भी कहा, ‘अगर ट्रंप अमेरिका की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाते हैं तो सोने की कीमतों में गिरावट स्थायी होगी। हालांकि, इसमें कुछ समय लगेगा।’

सोने की कीमतों में 2024 में जोरदार तेजी देखी गई है। इसमें अक्टूबर तक डॉलर के संदर्भ में 39 बार रिकॉर्ड ऊंचाई दर्ज की गई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों से पता चलता है कि 1979 के बाद से सोने के लिए यह एक रिकॉर्ड तोड़ साल है। इस उछाल के पीछे कई फैक्‍टर रहे हैं। केंद्रीय बैंक की खरीद, मजबूत एशियाई मांग, भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताएं, ये सभी सोने को सुरक्षित संपत्ति के रूप में अपनी ओर आकर्षित करते हैं।

ग‍िरावट ने द‍िया है खरीदारी का मौका
हालांकि, ट्रंप की जीत ने नई गतिशीलता को जन्म दिया है। मजबूत डॉलर के चलते अक्सर सोने की कीमतों में गिरावट आती है। अमेरिकी डॉलर सूचकांक (DXY) प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापता है। यह जून 2024 के बाद से 106 के निशान को पार करते हुए ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। ट्रंप की घरेलू नीतियां मजबूत डॉलर का कारण बन सकती हैं। इसी के चलते सोने की कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।

सोने की कीमतों में गिरावट भारतीय उपभोक्ताओं के लिए इससे बेहतर समय पर नहीं आ सकती थी। कारण है कि देश में शादी का मौसम शुरू हो गया है। यह सीजन 12 नवंबर को देवउठनी एकादशी से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चलेगा। आमतौर पर, इस अवधि के दौरान सोने की मांग बढ़ जाती है। परिवार शादी समारोहों के लिए आभूषण खरीदते हैं। कीमतों में गिरावट के संकेतों के साथ, जो लोग सोना खरीदने के बारे में सोच रहे थे, वे अब एक अवसर देख रहे हैं। दिवाली के बाद का समय भी परंपरागत रूप से सोने की खरीदारी में बढ़ोतरी लाता है। इससे भारतीय उपभोक्ताओं को मौजूदा मूल्य ट्रेंड्स को भुनाने का मौका मिलता है।

हाजिर में कितना भाव?
वैश्विक बाजारों में कमजोर मांग के बीच गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में सोने की कीमतों में एक बार फिर भारी गिरावट आई। यह 700 रुपये घटकर 77,050 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सराफा संघ ने यह जानकारी दी। 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत पिछले सत्र में 77,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

चांदी भी 2,310 रुपये लुढ़ककर 90,190 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। जबकि इसका पिछला बंद भाव 92,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। सोने में लगातार चौथे सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 700 रुपये घटकर 76,650 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। बुधवार को यह 77,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

क्‍या कह रहे हैं एक्‍सपर्ट्स?
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसीडेंट र‍िसर्च एनाल‍िस्‍ट (कमोड‍िटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘जबकि महंगाई दर अपने दो फीसदी लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। ऐसे में फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती जारी रखने की संभावना है। हालांकि, सीपीआई आंकड़ों से चिंता हुई है कि आगे की ब्याज दर कटौती रोकी जा सकती है।’

त्रिवेदी ने कहा कि इस घटनाक्रम ने सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ा दिया है। इसने मजबूत डॉलर और फेडरल रिजर्व के नीतिगत रुख में संभावित बदलाव के प्रति नकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 29.10 डॉलर प्रति औंस या 1.13 फीसदी गिरकर दो महीने के निचले स्तर 2,557.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘चुनाव के बाद डॉलर में तेजी जारी रही और यह नए साल के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। इससे सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।’ चांदी भी 2.57 फीसदी टूटकर 29.88 डॉलर प्रति औंस पर आ गई

Latest articles

समय पर खर्च करें केंद्रीय निधि, ताकि विकास की गति बनी रहे: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के विकास में केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं...

ईरान जंग का असर: देश में रसोई गैस का हाहाकार, ब्लैक में 1800 तक पहुंचा घरेलू सिलेंडर

मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बाद भारत में रसोई गैस की भारी किल्लत...

शादी के लिए पुजारी का अपहरण कर वसूले 50 हजार, मंडप से गिरफ्तार हुआ गैंग सरगना ‘भूरा हड्डी’

भोपाल जधानी की कोहेफिजा पुलिस ने पुजारी के अपहरण और अवैध वसूली के मामले में...

एमपी में बेटियां आजीवन पूजी जाती हैं: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नारी शक्ति के सम्मान और उनके...

More like this

समय पर खर्च करें केंद्रीय निधि, ताकि विकास की गति बनी रहे: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के विकास में केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं...

मप्र में टैक्स फ्री हुई फिल्म ‘शतक’ — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले— राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भर भारत का देती है संदेश

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदी फिल्म ‘शतक’ को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में ‘राज-उन्नति’ की दूसरी बैठक — 84,282 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई...

भोपाल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में ‘राज-उन्नति’ कार्यक्रम की दूसरी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित...