नई दिल्ली,
दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क और ट्विटर (Twitter) के बीच हुई डील फाइनल होने के एक दिन पहले एलन मस्क ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि आखिर इस डील के पीछे उनका क्या मकसद है? उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट जारी कर इस प्लेटफॉर्म पर एडवर्टाइजिंग को लेकर भी अपनी राय जाहिर की.
पोस्ट के जरिए बताया उद्देश्य
एलन मस्क ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter को खरीदने की डील के पीछ के मकसद को बताने के लिए गुरुवार को एक पोस्ट किया. इसमें Musk ने ये भी बताया कि प्लेटफॉर्म पर एडवर्टाइजिंग को लेकर वो क्या सोचते हैं. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैंने ट्विटर क्यों खरीदा, इसे लेकर लगातार कई अटकलें लगाई गईं, लेकिन इनमें से ज्यादातर गलत साबित हुई हैं. मस्क ने खुलासा करते हुए लिखा कि उन्होंने ट्विटर को इसलिए खरीदा है ताकि हमारी आने वाली सभ्यता के पास एक कॉमन डिजिटल स्पेस हो, जहां विभिन्न विचारधारा और विश्वास के लोग किसी भी तरह की हिंसा के बिना स्वस्थ चर्चा कर सकें.
मस्क ने किया इस खतरे का जिक्र
टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने पोस्ट में आगे लिखा कि यहां पर अभी एक बड़ा खतरा सामने है कि सोशल मीडिया कट्टर दक्षिणपंथ और कट्टर वामपंथ के बीच में बंट जाएगा और हमारी सोसाइटी में और नफरत फैलाएगा. ज्यादा क्लिक की चाह में अधिकतर ट्रेडिशनल संस्थानों ने इसे हवा दी है, लेकिन ऐसा करने से संवाद का मौका कहीं खो गया है. इसे साथ ही मस्क ने कहा कि ट्विटर सबसे सम्मानित एडवर्टाइजिंग प्लेटफॉर्म बनना चाहता है.
पैसा कमाने के लिए नहीं की डील
एलन मस्क ने आगे कहा कि ट्विटर के साथ डील इसलिए पैसा कमाने के लिए नहीं की है. मैंने यह सौदा मानवता के लिए यह किया है, जिससे मुझे प्यार है. मैं यह पूरी विनम्रता के साथ कर रहा हूं क्योंकि ऐसे लक्ष्य को हासिल करने में असफलता मिले, ऐसा संभव है, ये मानकर चलना चाहिए. गौरतलब है कि डेलावेयर कोर्ट ने एलन मस्क को मौजूदा शर्तों पर ट्विटर डील 28 अक्टूबर 2022 यानी शुक्रवार तक फाइनल करने के लिए कहा है. इससे एक दिन पहले उन्होंने ट्विटर पर यह पोस्ट जारी किया है.
मस्क की मां ने मैसेज कर ये कहा
एलन मस्क की इस ट्विटर पोस्ट पर उनकी मां मेय मस्क ने ट्वीट करते हुए बड़ी बात कही है. उन्होंने मस्क की इस पोस्ट को अपने ट्विटर अकाउंट से साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘Wonderful message #ProudMom’.
वॉश बेसिन लेकर ट्विटर हेडक्वार्टर में एंट्री
एलन मस्क ने अपने इस पोस्ट से पहले एक वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया था. इसमें मस्क ट्विटर के हेडक्वार्टर में एंट्री करते हुए दिखाई दे रहे हैं. खास बात ये है कि वो अपने हाथों में वॉश बेसिन लिए हुए नजर आ रहे हैं और इसे उठाकर ऑफिस में दाखिल होते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन देते हुए लिखा, ‘Entering Twitter HQ – let that sink in!.
