एक्टर मनोज बाजपेयी अपने अजीज दोस्त और एक्टर जितेंद्र शास्त्री के निधन से बेहद दुखी हैं। जितेंद्र शास्त्री, जिन्हें सभी जीतू शास्त्री कहकर बुलाते थे, उनका शनिवार (15 अक्टूबर)को निधन हो गया। जितेंद्र शास्त्री के दोस्त और एक्टर संजय मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी और दुख जताया। जितेंद्र शास्त्री के निधन का कारण तो नहीं पता चल पाया है, लेकिन उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। मनोज बाजपेयी भी ‘अपने भाई’ को खोकर बहुत दुखी हैं।
Manoj Bajpayee ने Jitendra Shastri को याद करते हुए ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरे सीनियर और मुंबई में शुरुआती दिनों के स्ट्रगल के साथी जीतू शास्त्री के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह बहुत ही अच्छे एक्टर और एक आदर्श इंसान थे। रेस्ट इन पीस मेरे भाई। इस भौतिक संसार को यह समझ नही आया कि वह तुम्हारे जैसी दिव्य आत्मा के साथ क्या करे। दिल टूट गया। ओम शांति।’
फिल्मों के अलावा थिएटर में कमाया नाम
जितेंद्र शास्त्री ने फिल्मों के अलावा थिएटर की दुनिया में भी खूब काम किया था। बॉलीवुड में वह ‘ब्लैक फ्राइडे’, ‘लज्जा’, ‘चरस’ और ‘दौर’ जैसी कई फिल्मों में नजर आए। साल 2019 में रिलीज हुई अर्जुन कपूर स्टारर ‘इंडियाज मोस्ट वॉन्टेड’ में जितेंद्र शास्त्री एक खबरी का रोल प्ले किया था, जिसमें उन्होंने खूब सराहा गया था।
संजय मिश्रा से लेकर राजेश तैलंग ने दी श्रद्धांजलि
जितेंद्र शास्त्री के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक है। एक्टर राजेश तैलंग और CINTAA ने भी जितेंद्र शास्त्री के निधन पर शोक जताया और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। जितेंद्र शास्त्री ने एक्टिंग और थिएटर की पढ़ाई एनएसडी यानी नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से की थी। फिल्मों में वह ज्यादातर छोटे-मोटे किरदारों में नजर आए, लेकिन उन किरदारों में वह अपनी दमदार एक्टिंग से जान डाल देते थे।
