नई दिल्ली,
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EoW) ने बुधवार को महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े एक मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज से पूछताछ की, वहीं गुरुवार को पूछताछ के लिए नोरा फतेही को समन किया है. पुलिस मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पूछताछ कर रही है. वहीं इस पूरे मामले की अहम कड़ी पिंकी ईरानी से गुरुवार को भी पूछताछ होगी.
नोरा फतेही हाजिर हों…
EoW के स्पेशल कमिश्ननर (क्राइम) रविन्द्र यादव ने जानकारी दी कि नोरा फतेही को गुरुवार को बुलाया गया है, चूंकि पिंकी ईरानी यहीं हैं, इसलिए हम दोनों से पूछताछ करना चाहते हैं. कई बातें हैं जिन्हें स्पष्ट करना जरूरी है. हालांकि इस मामले में नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज का कोई सीधा संबंध नहीं है. इस महीने की शुरुआत में भी EoW ने नोरा फतेही से पूछताछ की थी.
EoW का आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने दिसंबर 2020 में नोरा फतेही को बीएमडबल्यू कार गिफ्ट की थी. वहीं इन आरोपों से इनकार करने वाली नोरा फतेही का कहना है कि उन्हें ये कार सुकेश ने नहीं बल्कि उनकी पत्नी लीना मारिया ने चेन्नई में एक इवेंट का हिस्सा लेने के बदले में दी थी.
जब इमोशनल हुईं जैकलीन…
EoW ने बुधवार को जैकलीन फर्नांडीज से 8 घंटे तक पूछताछ की. पुलिस ने बताया कि उनसे सुकेश से मिले गिफ्ट्स और अन्य मुद्दों पर पूछताछ की गई. जैकलीन और सुकेश की मुलाकात करवाने वाली पिंकी ईरानी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पहले पिंकी ईरानी और जैकलीन के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए उसके बाद दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान जैकलीन कुछ सवालों के जवाब देने से बचीं. इस बीच जैकलीन एक-दो मौकों पर इमोशनल भी हुईं.
जैकलीन की ईरानी से नोंक-झोंक…
सूत्रों ने बताया कि जब पिंकी ईरानी और जैकलीन को आमने-सामने बिठाया गया तो उनके बीच नोक-झोंक भी हुई थी. वहीं कई सवालों पर ईरानी और जैकलीन के जवाब मेल नहीं खा रहे हैं. रविन्द्र यादव ने कहा, दोनों की बातचीत में विरोधाभास है, इसीलिए इस जांच को जारी रखते हुए, अगली बार जब पूछताछ के लिए बुलाएंगे तो क्लियर करेंगे. हमारा केस मकोका के तहत है और क्राइम सिंडीकेट की जो जानकारी है उसके बारे में है.
सुकेश के गिफ्ट्स की लिस्ट बनाएं जैकलीन…
पुलिस का कहना है कि जैकलीन फर्नांडीज से दोबारा पूछताछ की जाएगी. उनसे अगले हफ्ते दोबारा पूछताछ हो सकती है. हमारी टीम ने जैकलीन से कहा है कि उन्हें सुकेश ने क्या-क्या गिफ्ट दिया, उसकी लिस्ट बनाकर साथ लाएं.
जैकलीन ने खाया कैंटीन का खाना
पूछताछ के दौरान दोपहर में दिल्ली पुलिस ने जैकलीन से कहा कि वो होटल जाकर लंच कर सकती हैं. लेकिन जैकलीन ने ऐसा करने से मना कर दिया. इसके बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने EoW की कैंटीन से उनके लिए खाना मंगवाया. जैकलीन ने वही खाना खाया. इसी कैंटीन से दिल्ली पुलिस के अन्य कर्मी खाना खाते हैं.
दिल्ली पुलिस की EoW शाखा ने इससे पहले भी जैकलीन को पूछताछ के लिए दो बार (12 सितंबर और 29 अगस्त) समन भेजा था, लेकिन जैकलीन पुलिस के सामने पेश नहीं हुई थी. तीसरा समन जारी करते हुए दिल्ली पुलिस ने एक्ट्रेस को पेश होने के सख्त निर्देश दिए थे.
ईडी दाखिल कर चुकी है चार्जशीट
सुकेश चंद्रशेखर पर 215 करोड़ रुपये की वसूली का मामला चल रहा है. इस मामले में ईडी ने चार्जशीट दाखिल की है. ईडी की चार्जशीट में जैकलीन पर आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने उनको करीब 7 करोड़ रुपये की जूलरी गिफ्ट की. इसके अलावा लगभग 9-9 लाख रुपये की 3 पर्शियन बिल्लियां, करीब 52 लाख रुपये का एक अरबी घोड़ा, कानों में पहनने वाली 15 जोड़ी बालियां यानी कुंडल, डायमंड के सेट, बेशकीमती क्रॉकरी, गुच्ची और शनेल जैसे महंगे ब्रांड्स के डिजाइनर बैग, जिम में पहनने के लिए गुच्ची के दो आउटफिट्स, लुई वितों के कई जोड़ी जूते, हमीज के दो ब्रेसलेट, एक मिनी कूपर कार, रॉलेक्स की महंगी घड़ियां इत्यादि गिफ्ट की हैं.
