नई दिल्ली
सोशल मीडिया पर रविवार को कार से बांधकर कुत्ते को दौड़ाने या कहिए घसीटने का वीडियो वायरल हुआ। बेजुबान के साथ इस तरह की निर्दयतापूर्ण हरकत पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आईएसएस अधिकारी अवनीश शरण ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘जानवर कौन है?’ दरअसल, 13 सेकेंड के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी सफेद रंग की अपनी चमचमाती कार से कुत्ते को बांधे हुए सड़क पर तेजी से चला जा रहा है। रस्सी कुत्ते के गले में इस तरह से बंधी होती है कि वह सड़क पर लहराते हुए दिखता है। सड़क पर आ जा रहे लोगों ने भी इस दृश्य को देखकर विरोध किया लेकिन वह कहां मानने वाला था।
जल्दी ही वीडियो वायरल हुआ तो उस ड्राइवर की कुंडली भी सबके सामने आ गई। मामला राजस्थान का है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर असल में जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में प्लास्टिक सर्जन डॉ. रजनीश गालवा थे। वह शहर की पॉश कॉलोनी शास्त्री नगर में रहते हैं। यह कुत्ता अक्सर उनके घर में घुस जाता था और रविवार को जब आया तो डॉक्टर साहब ने अपना आपा खो दिया। उन्होंने कुत्ते के गले में रस्सी बांधी और घसीटते हुए कार से बांध दिया।
फिर फुल स्पीड में कार भगाने लगे और कुत्ता घिसटता रहा। वह लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों ने डॉक्टर की क्रूर हरकत देखी तो डॉग होम फाउंडेशन को सूचना दी गई। डॉक्टर साहब उनसे भी उलझ गए। पुलिस को बुलाया गया। मामले में दिल्ली से केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का भी आया। डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उधर सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोगों ने ड्राइवर को निर्दयी, क्रूर कहते हुए घटना पर गहरा दुख जताया है।
