नई दिल्ली,
राजस्थान में आज शाम 7 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होनी थी, जिसमें प्रदेश के नए सीएम को लेकर चर्चा होनी थी लेकिन बैठक के ऐन पहले गहलोत समर्थक 82 विधायकों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया. कांग्रेस में हुए इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने उस पर तंज कसने शुरू कर दिए हैं.
राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष संतोष पूनिया ने ट्वीट करते हुए लिखा- रूझान आने प्रारंभ… ~ जय भाजपा-तय भाजपा ~ #2023. वहीं केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर कहा कि बाड़ेबंदी की सरकार, एक बार फिर बाड़े में जाने को तैयार है. वहीं बीजेपी के केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्विटर पर राहुल गांधी, अशोक गहलोत और सचिन पायलट की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा- कृपया पहले इन्हें जोड़ लो.
माकन बूथ स्तरीय समिति के प्रभारी भी बनने लायक नहीं
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया- मैंने एक बार कांग्रेस पार्टी नेतृत्व से कहा था कि अजय माकन बूथ स्तरीय समिति के प्रभारी होने के लायक भी नहीं हैं. आज मेरी बात को फिर से सही साबित किया गया है.
दिल्ली- 0
एमपी सीट खो दी
विधायक सीट खो दी
राज्यसभा हारे
राजस्थान 😂 भगवान जाने
उन्होंने अपने एक और ट्वीट में लिखा- भाई! राजस्थान कांग्रेस को जोड़ा पहले, भारत जोड़ो बाद में कर लेना.शहजाद ने एक और ट्वीट किया- पिछले कुछ घंटों से राजस्थान में जो हो रहा है उसे देखने के बाद 3 चीजें स्पष्ट हैं. 1) राजस्थान को अब इस राजनीतिक अस्थिरता के अधीन नहीं किया जा सकता है. 2) गांधी परिवार के पास बहुत कम विश्वसनीयता या अधिकार बचा है. 3) “चुनाव” प्रक्रिया के उनका तमाशे का पर्दाफ़ाश हो गया है.
कांग्रेस खत्म, केजरीवाल विकल्प: राघव चड्ढा
AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कांग्रेस में विधायकों के सामूहिक स्तीफे पर ट्वीट किया- कांग्रेस खत्म है… केजरीवाल विकल्प है.
शांति धारीवाल के घर पर इस्तीफा लिया गया
कांग्रेस नेता प्रताप खाचरियावास ने बताया कि हमारी मीटिंग हो गई है. हमारे साथ 92 विधायक हैं, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया है. इन विधायकों का कहना है कि नए सीएम के चयन में उनकी राय नहीं ली गई है. इससे वे बेहद नाराज हैं.कांग्रेस नेता शांति धारीवाल के घर पर भी विधायक जुटे थे, यहीं पर सभी से इस्तीफा लिया गया, जिसे स्पीकर को सौंपा जाएगा.
सूत्रों के मुताबिक इस बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अशोक गहलोत को फोन किया और स्थिति संभालने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि अब उनके बस में कुछ नहीं है. हालांकि सूत्रों का कहना है कि इस्तीफा देने वाले विधायकों की संख्या 82 है. राजस्थान में कांग्रेस के 107 विधायक हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे है गहलोत
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं. पहले वह मुख्यमंत्री के साथ ही अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहते थे लेकिन पिछले दिनों राहुल गांधी ने केरल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कर दिया था कि कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद पॉलिसी ही लागू रहेगी. इसके साथ यह साफ हो गया कि गहलोत की जगह किसी और को मुख्यमंत्री पद दिया जाएगा.
कांग्रेस के कुछ विधायक सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं जबकि ऐसी चर्चा है कि अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी का नाम प्रस्तावित किया था. वहीं आलाकमान ने विधायकों से उनकी राय मांगी थी, जिसको लेकर आज शाम विधायक दल की बैठक होनी थी लेकिन उससे पहले की विधायकों ने इस्तीफा दे दिया.Live TV
