नई दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद से ही हवाएं जहरीली बनी हुई है। दिल्ली की एयर क्वालिटी गुरुवार को भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। उधर एयर पलूशन की मार झेल रहे दिल्लीवालो के लिए एक और बेहद खराब सूचना है। छठ पूजा से पहले दिल्ली की आबोहवा के साथ-साथ यमुना नदी का पानी भी जहरीला हो गया है। गुरुवार को यमुना नदी में सफेद रंग का जहरीला झाग चारों ओर देखा गया। दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते कहर के बीच सियासी पारा भी ऊपर चढ़ गया है। सत्ता दल आम आदमी पार्टी और बीजेपी के नेता राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच बढ़ा टकराव
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि बीजेपी को नगर में कचरे के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे पहले बीजेपी ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार छठ पूजा से पहले यमुना नदी में झाग हटाने के लिए जहरीले रसायनों का छिड़काव कर रही है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने छठ पूजा से पहले यमुना नदी से झाग हटाने के लिए जहरीले रसायन का छिड़काव करने का दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली वालों ने हमें यमुना की सफ़ाई के लिए पांच साल दिए हैं। दिल्ली नगर निगम का चुनाव दिल्ली की सफ़ाई और कूड़े का चुनाव है। भाजपा वाले मुद्दा ना भटकायें। अपने 15 वर्षों का हिसाब दें।’ पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी और आरोप लगाया कि आप प्रमुख का गाजीपुर ढलाव घर का दौरा नदी में प्रदूषण के मुद्दे से ध्यान भटकाने की एक चाल है।
दिल्ली में बेहद खराब हुई हवाएं
दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार को भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 316 था। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में (पार्टिकुलेट मैटर्स) पीएम 10 और पीएम 2.5 की सांद्रता 219 और 316 दर्ज की गई। पूसा में, एक्यूआई 318 था, जबकि पीएम 10 199 था। लोधी रोड पर, पीएम 2.5 एकाग्रता के साथ एक्यूआई 309 था और पीएम 10 193 पर था। मथुरा रोड में एक्यूआई 336 था, जिसमें पीएम 10 की एकाग्रता 268 थी। इस बीच, दिल्ली के पड़ोसी नोएडा और गुरुग्राम में एक्यूआई क्रमश: 339 और 310 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में भी था। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ माना जाता है; 51 और 100 ‘संतोषजनक; 101 और 200 ‘मध्यम’; 201 और 300 ‘गरीब’; 301 और 400 ‘बहुत खराब’; और 401 और 500 ‘गंभीर’। सफर के पूवार्नुमान के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार तक ‘बहुत खराब श्रेणी’ में बनी रहेगी।
छठ से पहले दूषित हुई यमुना नदी
छठ पूजा से पहले यमुना नदी में भारी प्रदूषण देखा गया। कालिंदी कुंज से भारी प्रदूषण और जहरीला झाग का एक वीडियो सामने आने का बाद से ही दिल्ली सरकार की टेंशन बढ़ गई है। छठ पूजा से पहले पर्यावरणविदों ने दिल्ली सरकार पर यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ‘पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने’ का आरोप लगाया, क्योंकि गुरुवार को कालिंदी कुंज के पास नदी का कुछ हिस्सा जहरीले झाग से ढका था। छठ पूजा 30 और 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु नदियों में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं।
