झांसी
भेल झाँसी सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, झाँसी के कॉन्फ्रेंस सभागार में वृहद आपूर्तिकर्ता सम्मलेन वेंडर मीट -2022 का आयोजन किया गया। सम्मलेन में पूरे देश के विभिन्न शहरों से लगभग 100 आपूर्तिकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, एमके खरे, महाप्रबंधक /लोको एवं सीएमएम ने अपने उद्घाटन भाषण के दौरान विक्रेताओं की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी के लिए प्रतिबद्ध विक्रेताओं के लिए भविष्य उज्ज्वल है ।
सभी विक्रेताओं को बीएचईएल द्वारा जारी निविदाओं में गम्भीरतापूर्वक रुचि दिखाने और अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया गया। विक्रेताओं को उन विभिन्न मदों के बारे में भी बताया गया जिनके लिए भेल को अधिक स्रोतों की आवश्यकता है और विक्रेताओं से अनुरोध किया गया, कि वे भेल द्वारा जारी निविदाओं में अपनी रुचि दिखाएं।
खुले सत्र के आयोजन दौरान, अधिकांश विक्रेताओं का ध्यान भुगतान की शीघ्र मंजूरी पर था, विक्रेताओं ने यह भी पूछताछ की कि भेल भुगतान जारी करने में तेजी लाने के लिए क्या कदम उठा रहा है, पंजीकरण में पारदर्शिता कैसे बढ़ाई जा सकती है, गुणवत्ता आधारित विक्रेता प्रतिस्पर्धा में हार जाते हैं क्योंकि वे एल-1 की कीमतों को पूरा करने में असमर्थ हैं, आदि।
विक्रेताओं को आश्वासन दिया गया, कि बीएचईएल जल्द भुगतान सुनिश्चित करने पर अधिक जोर देगा, और यह भी सूचित किया कि बीएचईएल सी.वी.सी दिशानिर्देशों के अनुसार कार्य करता है और ऑर्डर एल1 के आधार पर दिए जाते हैं। यह भी बताया गया कि विक्रेताओं की व्यक्तिगत शिकायतों को मामला दर मामला आधार पर निपटाया जाएगा। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण प्रवीश वाष्णैय, एन सी पॉली, राजीव अग्रवाल, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे । वेंडर मीट के समापन पर अपर महाप्रबंधक देबजीत सिन्हा ने सभी वेंडरों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया ।
