15.1 C
London
Tuesday, March 31, 2026
Homeराज्यउपचुनाव में BJP का दबदबा, कांग्रेस को झटका, एक सीट पर उद्धव...

उपचुनाव में BJP का दबदबा, कांग्रेस को झटका, एक सीट पर उद्धव कैंप की जीत

Published on

नई दिल्ली,

देश में 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं. इस उपचुनाव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचा है और दोनों सीटें आदमपुर और मुनुगोडे गंवानी पड़ी हैं. जबकि बीजेपी के खाते में आदमपुर सीट जुड़ गई है. कुल सात सीटों के नतीजों में चार सीटों पर बीजेपी, एक-एक सीट पर शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे), आरजेडी और टीआरएस ने जीत हासिल की है. अंधेरी ईस्ट सीट पर उद्धव गुट की उम्मीदवार ऋतुजा लटके ने एकतरफा और सबसे बड़ी जीत हासिल की है.

बता दें कि 3 नवंबर को यूपी की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, तेलंगाना की मुनुगोडे, ओडिशा की धामनगर और हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था. जिन 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ है, उनमें से 5 सीटें विधायकों के निधन के बाद खाली हुई थीं, जबकि तेलंगाना की मुनुगोडे सीट और हरियाणा की आदमपुर सीट कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद खाली हुई थीं. इन सभी 7 सीटों में से 3 पर बीजेपी, 2 पर कांग्रेस और एक-एक सीट पर आरजेडी और उद्धव ठाकरे गुट की पार्टी का कब्जा था.

यूपी: गोला गोकर्णनाथ
रविवार को आए नतीजों में कांग्रेस को झटका लगा है. कांग्रेस ने दोनों सीटें गंवा दी हैं. यूपी की गोला गोकर्णनाथ सीट पर पहले बीजेपी के अरविंद गिरी विधायक थे. उनके निधन के बाद बीजेपी ने बेटे अमन गिरी को उम्मीदवार बनाया और उन्होंने सपा के प्रत्याशी विनय तिवारी को 34298 वोटों से चुनाव हराया. अमन को 124810 और विनय को 90512 वोट मिले.

बिहार: गोपालगंज
बिहार की गोपालगंज सीट पर पहले बीजेपी के सुभाष सिंह विधायक थे, उनके निधन के बाद बीजेपी ने पत्नी कुसुम देवी को टिकट दिया और चुनाव लड़ाया. कुसुम को 70032 और आरजेडी के मोहन प्रसाद गुप्ता को 68243 वोट मिले. बीजेपी की कुसुम देवी ने 1789 वोटों से चुनाव जीता.

ओडिशा: धामनगर
ओडिशा की धामनगर सीट पर पहले बीजेपी के बिश्नू सेठी विधायक थे, उनके निधन के बाद बीजेपी ने बेटे सूरज सूर्यवंशी को टिकट दिया. सूरज को उपचुनाव में 80090 और बीजू जनता दल के अबंती दास को 70288 वोट मिले. सूरज ने अबंती दास को 9802 वोटों से चुनाव हराया.

हरियाणा: आदमपुर
हरियाणा की आदमपुर सीट पर पहले कुलदीप बिश्नोई विधायक थे. हाल ही में कुलदीप कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए. उसके बाद बीजेपी ने कुलदीप के बेटे भव्या बिश्नोई को टिकट दिया. उपचुनाव में भव्या को 67376 और कांग्रेस के जयप्रकाश को 51662 वोट मिले. भव्या ने कांग्रेस को 15714 वोटों से चुनाव हराया.

महाराष्ट्र: अंधेरी ईस्ट
मुंबई की अंधेरी ईस्ट सीट से पहले शिवसेना के रमेश लटके विधायक थे. मई में उनके निधन के बाद ये सीट खाली थी. यहां शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) ने रमेश की पत्नी ऋतुजा लटके को टिकट दिया. उनका कांग्रेस और एनसीपी ने भी समर्थन किया. इस उपचुनाव में बीजेपी ने अपना उम्मीदवार वापस ले लिया था. ऐसे में ऋतुजा के सामने 6 निर्दलीय उम्मीदवार थे. हालांकि, वे पूरे चुनाव में कहीं टिक नहीं सके. आज नतीजे आए तो ऋतुजा की एकतरफा जीत हुई. ऋतुजा को 66247 वोट मिले. उसके बाद दूसरे नंबर पर नोटा को 12776 वोट मिले. अन्य प्रत्याशियों को 1500 से ज्यादा ही वोट मिल सके.

बिहार: मोकामा
बिहार की मोकामा सीट पर पहले आरजेडी के अनंत सिंह विधायक थे, उनको अयोग्य ठहराए जाने पर उपचुनाव हुए और आरजेडी ने अनंत की पत्नी नीलम देवी को टिकट दिया. ये सीट आरजेडी की बरकरार रही. बीजेपी ने बाहुबली लल्लन सिंह की पत्नी सोनम देवी को उतारा था. आरजेडी की नीलम को 79646 और बीजेपी की सोनम देवी को 62939 वोट मिले. नीलम ने ये चुनाव 16707 वोटों से जीता. उपचुनाव में ये पहला मौका था, जब बीजेपी ने यहां से अपना उम्मीदवार उतारा.

तेलंगाना: मुनुगोडे
तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर पहले कांग्रेस से के. राजगोपाल रेड्डी विधायक थे. उन्होंने पार्टी से इस्तीफे दे दिया था और बीजेपी में शामिल हो गए थे. उसके बाद से ये सीट खाली थी. यहां उपचुनाव में टीआरएस से उम्मीदवार के. प्रभाकर रेड्डी थे और बीजेपी ने के. राजगोपाल रेड्डी को मैदान में उतारा था. प्रभाकर को 96598 वोट मिले. जबकि बीजेपी के राजगोपाल को 86485 वोट मिले. के. प्रभाकर रेड्डी ने 10,113 वोटों से चुनाव जीत लिया है. 2018 के चुनाव में राजगोपाल ने प्रभाकर को शिकस्त दी थी.

Latest articles

बरेली में तैलिक साहू समाज का विशाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित

भोपाल अखिल भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के तत्वावधान में रायसेन जिले के बरेली नगर...

मप्र में 5.38 करोड़ लोग ले रहे मुफ्त राशन, आबादी का करीब 60% सरकार पर निर्भर

भोपाल मप्र में मुफ्त राशन योजना के आंकड़े चौंकाने वाले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब...

दादाजी धाम मंदिर में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाई गई महावीर जयंती

भोपालरायसेन रोड स्थित दादाजी धाम मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर...

एमपी नगर में युवतियों के बीच सड़क पर विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल

भोपाल भोपाल के एमपी नगर जोन-2 इलाके में रविवार देर रात कुछ युवतियों के बीच...

More like this

राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी-2026 जारी, निवेश और रोजगार को मिलेगी नई दिशा

जयपुर। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘‘राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी-2026’’ जारी कर तकनीकी...

बीएचईएल हरिद्वार नाम किया रोशन,‘शौर्य’ गुणता चक्र को राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रथम स्थान

हरिद्वारभारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार की हीप इकाई के अंतर्गत न्यू ब्लेड शॉप...

हर घर जल’ की दिशा में राजस्थान का ऐतिहासिक कदम, JJM 2.0 में एमओयू करने वाला देश का पहला राज्य बना

जयपुर । प्रदेश ने ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को नई गति देते हुए एक...