एक बार फिर विवेक अग्निहोत्री-अनुपम खेर की ‘द कश्मीर फाइल्स’ चर्चा में आ गई है। वजह है आईएफएफआई (IFFI) जूरी प्रमुख और इजरायली फिल्ममेकर का बयान। दरअसल नादव लैपिड ‘द कश्मीर फाइल्स’ पर जमकर बरसे हैं। गोवा में आयोजित 53वें फिल्म फेस्टिवल समारोह में नादव लैपिड ने विवेक अग्निहोत्री फिल्म को वल्गर प्रोपेगेंडा बताया। इस विवादास्पद बयान के बाद एक बार फिर बॉलीवुड दो धड़ों में बंटा नजर आया। अनुपम खेर, अशोक पंडित से लेकर दर्शन कुमार ने इस बयान पर पलटवार करते हुए नादव लैपिड की निंदा की तो स्वरा भास्कर और प्रकाश राज जैसे स्टार्स ने इजराइली डायरेक्टर के साथ सहमति जताई। आइए बताते हैं नादव लैपिड के समर्थन में बॉलीवुडवालों ने क्या कहा।
स्वरा भास्कर पहले भी द कश्मीर फाइल्सपर सवाल खड़े कर चुकी हैं। एक बार फिर जैसे ही नादव लैपिड का बयान सामने आया तो उन्होंन फिर से इस मामले पर रिएक्ट किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘लीजिए एक बार फिर दुनिया में जगजाहिर हो गया है’। इस ट्वीट में एक्ट्रेस ने इशारा किया कि वह भी नादव के बयान से सहमत हैं। उन्हें भी ये फिल्म प्रोपेगेंडा लगती है।
वहीं प्रकाश राज जो पहले भी ‘द कश्मीर फाइल्स’ के मेकर्स पर भड़क चुके हैं। उन्होंने भी इसे वल्गर बताए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब तो बेशर्मी ऑफिशियल हो गई है। स्वरा भास्कर और प्रकाश राज के इस बयान के सामने आने के बाद फिर से बॉलीवुड दो धड़ों में बंटा हुआ नजर आया। बता दें इससे पहले प्रकाश राज ने इस फिल्म को नफरत का बीज बोने वाली फिल्म बताया था।
