11.6 C
London
Thursday, May 14, 2026
Homeराज्यगुजरात चुनाव में भी मंदिर-दरगाह को ले आयी है भाजपा, जानिए इस...

गुजरात चुनाव में भी मंदिर-दरगाह को ले आयी है भाजपा, जानिए इस बार क्या है मामला

Published on

नई दिल्ली

गुजरात में भाजपा के चुनावी प्रचार का एक चर्चित बिंदु पंचमहल जिले का कालिका माता मंदिर है। 11वीं शताब्दी का कालिका माता मंदिर पावागढ़ की पहाड़ी पर स्थित है। इस मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार का उद्घाटन 18 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

राज्य की भाजपा सरकार का दावा है कि परिसर में बने दरगाह को “सौहार्दपूर्ण तरीके से स्थानांतरित” करने के बाद मंदिर के ‘शिखर और कलश’ का पुनर्निर्माण कराया गया था। मंदिर परिसर के पुनर्विकास के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर का ‘शिखर ध्वज’ फहराया था। पार्टी के अनुसार, यह आक्रमणकारियों द्वारा शिखर को तोड़कर उस पर दरगाह बनाने के 500 साल बाद किया गया था।

भाजपा ने बनाया चुनावी मुद्दा
भाजपा के स्टार प्रचारक पावागढ़ को पीएम मोदी के तहत “भारत के सांस्कृतिक और धार्मिक गौरव को पुनः प्राप्त करने और पुनर्स्थापित करने” के उदाहरण के रूप में उद्धृत कर रहे हैं।

गुरुवार को पावागढ़ की तलहटी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, ”पहले पावागढ़ मंदिर को बिना शिखर के देखना दिल दहला देने वाला अनुभव होता था। यह आक्रमणकारियों द्वारा किया गया 500 साल पुराना अपमान था। मैंने इसे बदलने की कसम खाई थी… क्या कांग्रेस के शासन में पावागढ़ अस्तित्व में नहीं था? लेकिन वे शक्तिपीठ की शक्ति को नहीं देख पा रहे थे, जो मैं देख सकता था। हमने गुजरात की आस्था के अपमान को समाप्त करने के लिए एक अभियान चलाया … कांग्रेस पार्टी को विश्वास और पूजा का अपमान करने में मज़ा आता है … मुझे नहीं पता कि उनके साथ क्या समस्या है।”

शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी आणंद जिले में थे, वहां उन्होंने पावागढ़ मंदिर के बारे में बोलते हुए कांग्रेस पर ‘गुलामी की मानसिकता’ रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”कांग्रेस में गुलामी की मानसिकता है। इसके अनेक उदाहरण हैं। एक उदाहरण पावागढ़ का काली मंदिर है, जिस पर 500 साल पहले आक्रमणकारियों ने हमला कर दिया था। उन्होंने महाकाली मंदिर को तोड़ दिया था और उसके शिखर को नष्ट कर दिया था।

500 साल तक मंदिर का शिखर नष्ट रहा, वहां कोई झंडा नहीं फहराया गया। यह कांग्रेस की मानसिकता है… क्या आजादी के बाद उसे ठीक नहीं कराया जाना चाहिए था? यह अब मोदी के कारण नहीं हुआ है। आपके वोट की ताकत के कारण हुआ है… उनकी गुलामी की मानसिकता उन्हें देश की आस्था पर गर्व करने की अनुमति नहीं देती है।”

क्या है मंदिर का इतिहास?
जून में पुनर्निर्मित मंदिर परिसर के उद्घाटन के दौरान कालिका माता मंदिर के ट्रस्टियों के एक नोट जारी किया था। उसके अनुसार, चंपानेर शहर स्थित मंदिर राजपूतों द्वारा शासित राज्य का हिस्सा था।कहा जाता है कि यहां मां सती के दाहिने पैर का अंगूठा गिरा था। इसलिए, कालिका माता मंदिर एक शक्तिपीठ के रूप में प्रतिष्ठित है। यूनेस्को ने चंपानेर-पावागढ़ को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित किया है।
दरगाह का विवाद

ट्रस्ट द्वारा जारी नोट के अनुसार, 15वीं शताब्दी में सुल्तान महमूद बेगड़ा ने चंपानेर पर हमला कर, उसे जीत लिया। वहीं उन्होंने अपनी राजधानी स्थापित की। इस दौरान ही मंदिर के शिखर को नष्ट कर दिया गया। माना जाता है कि सदनशाह पीर दरगाह उस समय के आसपास बनाई गई थी।कहा जाता है कि सदानशाह पीर मूल रूप से एक हिंदू फकीर थे। उन्होंने महमूद बेगड़ा के दरबार का हिस्सा बनने के लिए इस्लाम धर्म अपना लिया था। हालांकि उन्होंने मंदिर को नष्ट होने से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अब दरगाह कहां है?
ट्रस्ट के एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दरगाह को स्थानांतरित करना पुनर्विकास कार्य का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा था। ट्रस्टी ने कहा, “हमने बंदोबस्त के रूप में दरगाह का पुनर्निर्माण भी कराया।” मंदिर और दरगाह का पुनर्निर्माण अहमदाबाद के वास्तुकार आशीष सोमपुरा ने किया था, जो अयोध्या में राम मंदिर भी बना रहे हैं।दरगाह पहले महाकाली मंदिर के गर्भगृह के ऊपर स्थित था। अब दरगाह को उसी परिसर में एक स्वतंत्र संरचना के रूप में लगभग 50 फीट की दूरी पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

Latest articles

भीषण गर्मी से तपने लगा मध्य प्रदेश, पारा 45 डिग्री पार, मालवा-निमाड़ में लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बीते दिनों आंधी-बारिश...

सीएम शुभेंदु का बड़ा कदम: बंगाल के स्कूलों में अब वंदे मातरम गीत गाना अनिवार्य, सख्ती से पालन करने का निर्देश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में...

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : शासन बना बेटियों का संबल, सामूहिक विवाह बना सामाजिक बदलाव का उत्सव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सामूहिक विवाह समारोह केवल दो लोगों के वैवाहिक बंधन...

More like this

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : शासन बना बेटियों का संबल, सामूहिक विवाह बना सामाजिक बदलाव का उत्सव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सामूहिक विवाह समारोह केवल दो लोगों के वैवाहिक बंधन...

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सीएम भजनलाल शर्मा; दी बधाई

गुवाहाटी। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुवाहाटी प्रवास के दौरान असम के मुख्यमंत्री...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मां कामाख्या के दरबार में टेका मत्था; हवन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ

गुवाहाटी/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने असम स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर...