नई दिल्ली,
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) बोर्ड परीक्षा 2023 की डेटशीट जारी करने वाला है. एक बार डेटशीट जारी होने के बाद, छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर विजिट कर इसे चेक और डाउनलोड कर सकेंगे. बोर्ड ने अपनी आधिकारिक शैक्षणिक वेबसाइट पर बोर्ड परीक्षाओं के सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं, ताकि छात्रों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए मदद मिल सके.
एक साथ जारी होगी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की डेटशीट
सीबीएसई ने फिलहाल डेटशीट जारी करने की तारीख और समय की घोषणा नहीं की है लेकिन आमतौर पर परीक्षा से एक महीने पहले 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी करता है और दोनों कक्षाओं की डेटशीट एक साथ जारी की जाती हैं. इस बार भी उम्मीद है कि CBSE Board Date Sheet 2023 एक साथ जारी हो सकती है. डेटशीट में छात्रों को सब्जेक्ट वाइज एग्जाम डेट और टाइम टेबल की जानकारी दी जाएगी. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे ताजा जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
15 फरवरी से शुरू होंगे बोर्ड एग्जाम
सीबीएसई, पहले ही घोषणा कर चुका है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी 2023 से शुरू होंगी जबकि प्रैक्टिकल एग्जाम 01 जनवरी 2023 से शुरू होंगे. इसलिए उम्मीद की जा रही है कि बोर्ड इस महीने में कभी भी डेटशीट जारी कर सकता है.
इस वर्ष बदलेगा बोर्ड पैटर्न
सीबीएसई ने 2021-22 बैच के लिए दो-टर्म, स्प्लिट-परीक्षा पैटर्न लागू किया था. इसके तहत बोर्ड परीक्षाएं 2 सेमेस्टर में आयोजित की गई थीं. हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया था कि यह व्यवस्था केवल 1 वर्ष के लिए ही थी. इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं एक ही बार आयोजित की जाएंगी और एग्जाम का पैटर्न भी पहले जैसा ही रहेगा.
