नई दिल्ली,
पाकिस्तान में स्थित सऊदी अरब के दूतावास ने सोमवार को अपने नागरिकों को सावधान रहने की सलाह दी है. सऊदी अरब ने यह फैसला इस्लामाबाद में अधिकारियों की ओर से सुरक्षा अलर्ट घोषित करने के बाद लिया है. सऊदी अरब से पहले अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के कई देशों ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आतंकी हमले की आशंका जताई है और अपने नागरिकों से सावधानी बरतने के लिए कहा है.
सऊदी अरब ने क्या कहा
पाकिस्तान में सऊदी अरब के दूतावास ने ट्विटर पर बयान जारी करते हुए कहा है, “इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अधिकारियों ने सुरक्षा अलर्ट को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया है. इसलिए सऊदी अरब का दूतावास यहां रहने वाले और आने वाले सभी नागरिकों को सावधानी बरतने और जरूरत न हो तो बाहर नहीं जाने की सलाह देता है.” दूतावास ने लिखा है कि अगर किसी तरह की इमरजेंसी हो तो कराची स्थित दूतावास या कांसुलेट से संपर्क करें.
अमेरिका ने आतंकी हमले की जताई आशंका
पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास ने राजधानी इस्लामाबाद के मैरियट होटल में अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ आतंकी हमले की आशंका जताई है और अमेरिकी कर्मचारियों को पाकिस्तान के पांच सितारा होटल में प्रवेश पर रोक लगा दी है.
अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सरकार को इस बात की जानकारी मिली है कि कुछ अज्ञात व्यक्ति छुट्टियों के दौरान इस्लामाबाद के मैरियट होटल में अमेरिकी नागरिकों पर हमला करने की साजिश कर रहे हैं. एडवाइजरी में सरकार ने अमेरिकी नागरिकों को छुट्टी के दौरान प्रसिद्ध होटलों में जाने पर रोक लगा दी है. दूतावास ने सभी लोगों से छुट्टियों के दौरान राजधानी इस्लामाबाद में गैर-जरूरी यात्रा से परहेज करने की सलाह दी है.
अमेरिकी दूतावास ने यह एडवाइजरी दो दिन पहले इस्लामाबाद के रिहायशी इलाकों में हुए आत्मघाती बम धमाके के बाद जारी किया था. शुक्रवार को एक आत्मघाती बम विस्फोट में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी जबकि अन्य दस लोग घायल हो गए थे. यह विस्फोट पुलिस गश्ती के दौरान चेकिंग के दौरान हुआ था. पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने जब एक टैक्सी को रोका तो पीछे की सीट पर बैठे एक यात्री ने खुद को उड़ा लिया.
