नई दिल्ली,
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न लगातार जारी है. नया मामला पाकिस्तान के सिंध प्रांत का है, जहां एक 40 वर्षीय हिंदू महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपियों ने वारदात को इतने खौफनाक तरीके से अंजाम दिया कि महिला के चेहरे की चमड़ी तक उधेड़ दी. पाकिस्तान में हिंदू महिला की बेरहम हत्या को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है कि अभी तक इस मामले की ज्यादा जानकारी उनको नहीं मिली है. लेकिन भारत लगातार इस बात को दोहराता रहा है कि पाकिस्तान को अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
मालूम हो कि पाकिस्तान के सिंध प्रांत के संघार में एक 40 साल की हिंदू विधवा महिला दया भील का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया है. पुलिस ने उसकी सिर कटी लाश बरामद की है. आरोपियों ने महिला के चेहरे की चमड़ी तक उधेड़ दी. इसके साथ ही किसी धारदार हथियार से महिला के स्तन भी काट दिए गए. महिला के चार बच्चे हैं और बताया जा रहा है कि उसकी किसी के साथ दुश्मनी भी नहीं थी.
हालांकि, पाकिस्तान में यह पहला मामला नहीं है, जिसमें अल्पसंख्यकों के साथ ऐसी बर्बरता की गई हो. इससे पहले भी कई ऐसे मामले आ चुके हैं, जिसमें अल्पसंख्य समाज से जुड़े लोगों के साथ खौफनाक अपराधों को अंजाम दिया गया हो.
ओडिशा में रूसी नागरिकों की मौत पर क्या बोला विदेश मंत्रालय
वहीं हाल ही में ओडिशा में हुई दो रूसी नागरिकों की मौत के मामले में अरिंदम बागची ने कहा कि, भारत सरकार इस मामले से अवगत है और ओडिशा पुलिस नियमों के आधार पर कार्रवाई कर रही है. मालूम हो कि जिन दो रूसी नागरिकों की बात की जा रही है, उनमें से एक रूस में सांसद रहे पावेल एंटोव थे और उन्हें पुतिन का आलोचक भी कहा जा रहा है. वहीं दूसरे नागरिक की पहचान व्लादिमीर बिडोनेव के रूप में की गई है.
पुलिस के अनुसार, पावेल एंटोव और व्लादिमीर चार लोगों के ग्रुप के साथ भारत पहुंचे थे. बीते शुक्रवार व्लादिमीर बेहोशी की हालत में अपने कमरे में पड़े मिले थे. आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं अगले दिन पावेल एंटोव की रहस्यमयी तरीके से होटल की छत से गिरकर मौत हो गई.
शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना था कि इस मामले में कोई अपराधिक एंगल नजर नहीं आ रहा है. हालांकि, बाद में इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई. क्राइम ब्रांच के अधिकारी का कहना है कि अभी हर एक एंगल पर जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
