नई दिल्ली
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार के मोर्चे पर लगातार दूसरे सप्ताह अच्छी खबर मिली है। बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व में 1.65 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले, 7 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान भी इसमें $6.3 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार $586.41 billion के स्तर पर पहुंच गया है। यह July 2022 के बाद का शीर्ष स्तर है। उधर, अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान में देखें तो वहां के विदेशी मुद्रा भंडार में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले वहां लगातार तीन सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट हुई थी। वहां 14 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में 39.42 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब वहां का विदेशी मुद्रा भंडार 4.43 अरब डॉलर का हो गया है।
भारत के डॉलर भंडार में बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक की तरफ से से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 1.65 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार 586.41 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इससे पहले 7 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान भी अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 6.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले, अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
फॉरेन करेंसी एसेट्स में भी हुई बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों पर गौर करें तो 14 अप्रैल 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपना अपना फॉरेन करेंसी असेट (Foreign Currency Asset) भी बढ़ा है। आलोच्य सप्ताह के दौरान यह 2.20 अरब डॉलर बढ़कर 516.635 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व घट गया
आलोच्य सप्ताह के दौरान देश के सोने के भंडार का मूल्य घट गया है। बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान यह 52.1 करोड़ डॉलर घट कर 46.125 अरब डॉलर तक गिर गया है।
एसडीआर भी घट गया
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह के दौरान भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में भी कमी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान यह 18.412 अरब डॉलर घटकर 18.412 अरब डॉलर तक घट गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में रखा देश का मुद्रा भंडार भी 1.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.19 अरब डॉलर हो गया है।
पाकिस्तान में भी बढ़ा Foreign Currency Reserve
पाकिस्तान के आर्थिक हालात की बात करें तो इस समय वहां कंगाली जैसी स्थिति दिखती है। हालांकि, वहां बीते 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में 39.42 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि इससे पहले लगातार तीन सप्ताह वहां के विदेशी मुद्रा भंडार में कभी हुई थी। अब वहां का विदेशी मुद्रा भंडार 4.43 अरब डॉलर का हो गया है।
