नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले के सुंदरीकरण पर 44 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च हुए हैं। हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ नवभारत के ऑपरेशन शीश महल के जरिए इसका खुलासा हुआ है। इस ऑपरेशन में यह पता चला है कि सीएम आवास में 8-8 लाख रुपये का एक पर्दा लगाया गया है। सीएम आवास में लगे कुल पर्दों पर कुल एक करोड़ रुपये खर्च हुए। कुल 23 पर्दों का ऑर्डर दिया गया। दिल्ली बीजेपी ने इसको लेकर सवाल खड़े किए हैं।
बीजेपी प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली के लोग ऑक्सीजन की कमी से मर रहे थे और दिल्ली की जनता के 45 करोड़ रुपये से केजरीवाल अपना महल रिनोवेट करवा रहे थे। जिस महल में 23 पर्दे 8-8 लाख में लगवाए गये ।
दिल्ली बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि कोरोना के समय ये (केजरीवाल) अपने घर का रेनोवेशन करवा रहे थे। ये 45 करोड़ रुपये में अपने बंगले को चमका रहे थे। दिल्ली की जनता से इनको कुछ लेना देना नहीं है।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि खुद को आम आदमी कहने वाले अरविंद केजरीवाल ने अपने घर पर रिनोवेशन के नाम पर जनता के 44.78 करोड़ रुपए बर्बाद कर डाले। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को शर्म आनी चाहिए। ऐसे आम आदमी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बने रहने का कोई हक नहीं है।
