बलरामपुर
कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह और पहलवानों के बीच विवाद जारी है। बृजभूषण शरण सिंह से पांच जून को अयोध्या में वह एक बड़ी रैली का आयोजन करने जा रहे हैं। इसी रैली के आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर वह बलरामपुर जिले में पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भाजपा सांसद ने कहा कि बजरंग पूनिया और अन्य पहलवान अब खालिस्तानियों की भाषा बोलने लगे हैं। पहलवानों की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन में न केवल पीएम मोदी और सीएम योगी के लिए बुरा भला कहा जा रहा है, बल्कि जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, वह कतई संसदीय भाषा नहीं नजर आती है।
पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों में घिरे भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पहलवान अब देशद्रोहियों की भाषा बोलने लगे हैं। पहलवानों का आंदोलन अब जॉर्ज सोरस और खालिस्तानियों के हाथों में जा रहा है। आंदोलन कर रहे पहलवान अब दलदल में फंस चुके हैं। ये मेरी नहीं अपनी मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पहलवानों के इस कदम की तारीफ कर रही है, लेकिन बजरंग पूनिया जैसे लोग सिर काटने की बात कह रहे हैं, क्या कांग्रेस सिर काटने वालों का भी समर्थन करेगी?
अयोध्या पहुंचने की बृजभूषण शरण सिंह ने की अपील
बलरामपुर आए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 5 जून को अयोध्या में देशभर के संत एकत्र होंगे और 11 लाख लोग रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 5 जून को अयोध्या में संत बोलेंगे और हम सब सुनेंगे। उन्होंने अपनी रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पहुंचने की अपील भी है।
